एग्रीवेट: Haryana Sugarcane कीमत: हरियाणा के गन्ना किसानों को क्या आने वाले दिनों में अपनी फसल का और बेहतर दाम मिल सकता है? राज्य में गन्ने की कीमत को लेकर किसानों का विरोध तेज हो गया है. किसान चाहते हैं कि सरकार गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करे. वहीं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार ने अक्टूबर में ही गन्ने के भाव में बढ़ोतरी का ऐलान किया था. इसके तहत 2026-27 के पेराई सीजन के लिए गन्ने का भाव 415 रुपये से बढ़ाकर 430 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है. सरकार ने अगले सीजन यानी 2027-28 के लिए इसे 450 रुपये करने का भी ऐलान किया है. इसके बावजूद किसान इस बढ़ोतरी से संतुष्ट नहीं हैं.
किसानों का कहना है कि खाद, डीजल, मजदूरी, सिंचाई और खेती से जुड़े दूसरे खर्च लगातार बढ़ रहे हैं. ऐसे में सिर्फ 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी से उन्हें राहत नहीं मिलेगी. यही वजह है कि कई जगह किसानों ने चीनी मिलों को गन्ना देना भी रोक दिया है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या सरकार किसानों के दबाव में गन्ने के भाव में एक बार फिर बढ़ोतरी कर सकती है? पिछले कुछ वर्षों में गन्ने के दाम कितने बढ़े हैं और किसान अब कितनी कीमत चाहते हैं, आइए समझते हैं.
रसोई पर महंगाई की मार! शाकाहारी थाली 12 फीसदी महंगी.. आम परिवारों की बढ़ी परेशानी – एग्रीवेट
हरियाणा सरकार ने 30 अक्टूबर 2026 को गन्ने के भाव में दो साल के लिए बढ़ोतरी की एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि थी. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मुताबिक, 2026-27 के पेराई सीजन में अगेती किस्म के गन्ने का भाव 415 रुपये से बढ़ाकर 430 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है. वहीं, 2027-28 में इसे 450 रुपये करने का ऐलान किया गया है. यानी सरकार ने दो साल में कुल 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी का फैसला किया है. लेकिन किसान संगठनों का कहना है कि खेती की लागत जिस तेजी से बढ़ रही है, उसके मुकाबले यह बढ़ोतरी काफी कम है. भारतीय किसान यूनियन (चरुणी) के प्रवक्ता राकेश बैंस ने भी 15 रुपये की बढ़ोतरी को नाकाफी बताया है. किसान संगठनों की मांग है कि सरकार गन्ने का भाव सीधे 600 रुपये प्रति क्विंटल करे.
हरियाणा में गन्ने के भाव में पिछले कुछ वर्षों के दौरान लगातार बढ़ोतरी हुई है, लेकिन किसानों का कहना है कि यह उनकी उम्मीदों के मुताबिक नहीं है.
इन आंकड़ों से पता चलता है कि 2021-22 में गन्ने का भाव 362 रुपये था, जो 2026-27 में बढ़कर 430 रुपये हो गया है. यानी पांच साल में 68 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, 2026-27 के लिए पिछले सीजन के मुकाबले सिर्फ 15 रुपये बढ़ाए गए हैं.
किसानों की नाराजगी की सबसे बड़ी वजह खेती की बढ़ती लागत है. यमुनानगर के किसान नेता सतपाल कौशिक के मुताबिक, गन्ने की उत्पादन लागत करीब 460 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गई है, जबकि किसानों को अभी अगेती किस्म के लिए 430 रुपये मिल रहे हैं. यानी उनके दावे के मुताबिक, लागत निकालने में ही मुश्किल हो रही है. किसानों का यह भी कहना है कि चीनी की कीमतों और गन्ने से बनने वाले दूसरे उत्पादों से मिलों की कमाई बढ़ रही है, लेकिन उसका पर्याप्त फायदा किसानों को नहीं मिल रहा. गन्ने की कटाई में मजदूरी का खर्च भी बढ़ा है. ऐसे में किसान 600 रुपये प्रति क्विंटल का भाव चाहते हैं, ताकि लागत निकालने के बाद उन्हें मुनाफा भी मिल सके.
इस मांग को लेकर किसान संगठनों ने आंदोलन तेज कर दिया है. यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल समेत कई जिलों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. किसानों ने साफ कहा है कि जब तक सरकार 600 रुपये का भाव घोषित नहीं करती, वे चीनी मिलों को गन्ने की सप्लाई नहीं करेंगे.
हरियाणा में गन्ने के भाव में दोबारा बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन फिलहाल सरकार ने 430 रुपये से आगे तत्काल कोई नई बढ़ोतरी घोषित नहीं की है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अगले पेराई सीजन के लिए 450 रुपये प्रति क्विंटल का भाव पहले ही घोषित कर दिया है. सरकार का तर्क है कि इससे किसानों को अपनी खेती की योजना बनाने में मदद मिलेगी और गन्ने की खेती के रकबे को बनाए रखने में भी सहूलियत होगी. दूसरी तरफ, किसानों ने आंदोलन तेज करने का फैसला किया है. 24 नवंबर को करनाल सहकारी चीनी मिल का 51वां पेराई सीजन शुरू हुआ, लेकिन किसानों की 600 रुपये की मांग वहां भी प्रमुख मुद्दा बनी रही. किसान संगठनों ने 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री के आवास का घेराव करने का ऐलान किया है.
ऐसे में सरकार के सामने दोहरी चुनौती है. एक तरफ किसानों की नाराजगी दूर करनी है, तो दूसरी तरफ चीनी मिलों को पेराई के लिए पर्याप्त गन्ना भी उपलब्ध कराना है. अगर आंदोलन आगे बढ़ता है और मिलों को गन्ने की सप्लाई प्रभावित होती है, तो सरकार पर बातचीत और समाधान निकालने का दबाव बढ़ सकता है. हालांकि, गन्ने के भाव में आगे कितनी बढ़ोतरी होगी, यह सरकार के अगले फैसले पर निर्भर करेगा.