कपास की कमी से परेशान कपड़ा उद्योग, 5 साल तक आयात शुल्क हटाने की मांग—देखें क्या है पूरा सच – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: कपड़ा उद्योग ने घरेलू बाजार में कपास की बढ़ती मांग और उत्पादन के बीच अंतर को देखते हुए सरकार से अगले पांच साल तक कपास के आयात पर सीमा शुल्क से छूट देने की मांग की है. उद्योग का कहना है कि इससे भारतीय कपड़ा मिलों को कच्चे माल की कमी से राहत मिलेगी. साथ ही, मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) से मिलने वाले कारोबारी अवसरों का फायदा उठाने में भी मदद मिलेगी.

दक्षिण भारत मिल्स एसोसिएशन (SIMA) के मुताबिक, 1 अक्टूबर से शुरू हुए चालू कपास सीजन  में देश में कपास का उत्पादन 248.66 लाख गांठ रहने का अनुमान है. जबकि कपड़ा उद्योग को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए 350 से 360 लाख गांठ कपास की आवश्यकता है. यानी घरेलू उत्पादन और उद्योग की मांग के बीच बड़ा अंतर है. एसोसिएशन के अनुसार, कपास की खपत 2024-25 सीजन में 323 लाख गांठ थी, जो पिछले कपास वर्ष में बढ़कर 340 लाख गांठ हो गई. इस मांग को पूरा करने में 72 लाख गांठ कपास के शुल्क मुक्त आयात से मदद मिली. इसके अलावा, दिसंबर के अंत तक 15 से 20 लाख गांठ कपास का और शुल्क मुक्त आयात होने की उम्मीद है.

कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष अतुल गणात्रा ने कहा कि इस सीजन में घरेलू मांग पूरी करने के लिए करीब 90 लाख गांठ कपास का आयात करना पड़ सकता है. उन्होंने बताया कि 1 अक्टूबर से अब तक मंडियों में कपास की आवक करीब 41 लाख गांठ हुई है. जबकि पिछले साल इसी अवधि में 65 लाख गांठ कपास मंडियों में पहुंचा था. यानी इस बार कपास की आवक में काफी कमी आई है. SIMA के अध्यक्ष दुरई पलानीस्वामी ने प्रधानमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि कपास के आयात पर अगले पांच साल तक सीमा शुल्क पूरी तरह हटा देना चाहिए. इससे भारतीय कपड़ा उद्योग को मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) के जरिए मिलने वाले नए कारोबारी अवसरों का फायदा उठाने में मदद मिलेगी.

बता दें कि केंद्र सरकार ने 2026-27 सीजन के लिए मध्यम रेशे वाली कपास का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 8,267 रुपये प्रति क्विंटल और लंबे रेशे वाली कपास का 8,667 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है. अगर बाजार में कपास का भाव MSP से नीचे जाता है, तो तय शर्तें पूरी करने वाले किसान सरकारी खरीद केंद्रों पर अपनी फसल बेच सकते हैं. इस बीच, मंडियों में कपास की आवक धीमी बनी हुई है. 15 नवंबर तक देशभर की मंडियों में करीब 30 लाख गांठ कपास पहुंची थी, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा लगभग 55 लाख गांठ था.

Share This Article