कश्मीर के तीन जिलों में नई फल-सब्जी मंडियों को मंजूरी, 40 एकड़ जमीन आवंटन की स्वीकृति मिली – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: जम्मू कश्मीर के किसानों को उनके कृषि उत्पादों की बिक्री के लिए आधुनिक कृषि मंडियां बनाने की मंजूरी दे दी गई है. राज्य सरकार ने कश्मीर घाटी के तीन जिलों में फल एवं सब्जी मंडियां बनाने के लिए कृषि उत्पादन विभाग को 40 एकड़ से अधिक जमीन हस्तांतरित करने को भी स्वीकृति दे दी है. इन मंडियों से छोटे और सीमांत किसानों और महिला किसानों सहित अन्य उत्पादकों को व्यवस्थित मार्केटिंग सुविधाओं तक बेहतर पहुंच मिलेगी. इससे उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य हासिल करने के अधिक अवसर मिलेंगे.

जम्मू कश्मीर के आधिकारिक बयान में कहा गया कि कैबिनेट ने मंगलवार को किसान हित में नई कृषि मंडियों की स्थापना को मंजूरी दे दी है. इसके तहत उत्तर कश्मीर के बारामूला तथा दक्षिण कश्मीर के पुलवामा एवं कुलगाम जिलों में चिह्नित स्थानों पर 320 कनाल और चार मरला जमीन निशुल्क हस्तांतरित की जाएगी. कनाल जमीन मापने की इकाई है और आठ कनाल जमीन एक एकड़ के बराबर होती है. प्रस्तावित परियोजना के लिए बारामूला जिले के पलहालन गांव में 50 कनाल, पुलवामा के नौदल गांव में 20 कनाल एवं चार मरला तथा कुलगाम में 250 कनाल जमीन निर्धारित की गई है.

सरकारी मीडिया प्रवक्ता द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार इन मंडियों से छोटे और सीमांत किसानों तथा महिला किसानों सहित अन्य उत्पादकों को व्यवस्थित विपणन सुविधाओं तक बेहतर पहुंच मिलेगी. इससे उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य हासिल करने के अधिक अवसर मिलेंगे. उन्होंने कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचे और सुविधाओं से लैस इन मंडियों में कीमतों का पारदर्शी निर्धारण, मानकीकृत इलेक्ट्रॉनिक तौल, डिजिटल भुगतान और कृषि उपज के बेहतर प्रबंधन की व्यवस्था होगी.

बयान में कहा गया है कि उपरोक्त सुविधाओं के साथ ही उपज की छंटाई, श्रेणी निर्धारण, भंडारण और परिवहन की बेहतर व्यवस्था भी शामिल होगी. इससे कटाई के बाद होने वाले नुकसान और मार्केटिंग लागत को कम करने के साथ उपभोक्ताओं को ताजा उपज उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी. मीडिया प्रवक्ता द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार यह पहल मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में कृषि एवं बागवानी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, बाजार से जुड़े बुनियादी ढांचे में सुधार करने और किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर मूल्य दिलाने पर सरकार के ध्यान को भी दर्शाती है.

Share This Article