एग्रीवेट: Fertiliser Subsidy 2026: देश में खाद की कीमतों और उसकी उपलब्धता को लेकर किसानों के लिए एक अहम खबर सामने आई है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूरिया की कीमतों में भारी गिरावट आई है. इससे केंद्र सरकार को खाद पर मिलने वाली सब्सिडी के खर्च में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, इसके बावजूद सरकार को चालू वित्त वर्ष 2026-27 में खाद सब्सिडी पर करीब 2.50 लाख करोड़ रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं. यह रकम बजट में रखे गए पैसे से करीब 80 हजार करोड़ रुपये ज्यादा है. यानी खाद पर सरकार का खर्च बढ़ेगा, लेकिन पहले जितना बड़ा बोझ पड़ने की आशंका थी, अब वह कुछ कम हो गई है.
फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FAI) के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूरिया की कीमतें मई 2026 में करीब 947 डॉलर प्रति टन तक पहुंच गई थीं. लेकिन अक्टूबर तक इसमें बड़ी गिरावट आई और कीमत करीब 362 डॉलर प्रति टन रह गई. यानी कुछ ही महीनों में यूरिया करीब 62 फीसदी सस्ता हो गया.
तमिलनाडु में बर्ड फ्लू का असर, ओमान ने अंडों का आयात रोका..हर महीने 35 कंटेनर की सप्लाई प्रभावित – एग्रीवेट
बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, इसी गिरावट के कारण खाद सब्सिडी को लेकर पहले लगाए गए अनुमान में बदलाव हुआ है. FAI के चेयरमैन एस. शंकरसुब्रमणियन के मुताबिक, पहले वित्त वर्ष 2026-27 में खाद सब्सिडी का खर्च 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहने का अनुमान था. अब इसे घटाकर करीब 2.50 लाख करोड़ रुपये माना जा रहा है.
केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में खाद सब्सिडी के लिए 1.71 लाख करोड़ रुपये रखे थे. इसमें यूरिया के लिए 1.16 लाख करोड़ रुपये और डीएपी, एनपीके समेत दूसरे खाद के लिए बाकी रकम तय की गई थी. FAI के अनुमान के मुताबिक, इस साल फॉस्फेट और पोटाश वाले खाद (P&K) पर ही 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हो सकता है. बाकी रकम यूरिया सब्सिडी पर खर्च होगी. इसका मतलब है कि सरकार को बजट से करीब 80 हजार करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ सकते हैं.
FAI के मुताबिक, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच एनपी और एनपीके जैसे मिश्रित खाद की खपत में पिछले साल के मुकाबले करीब 26 फीसदी की गिरावट आई है. इसकी एक बड़ी वजह बाजार में खाद की ऊंची कीमतें बताई गई हैं. इसके अलावा कम बारिश और अल नीनो के असर से खेती की गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका भी है. एसोसिएशन का अनुमान है कि इस वित्त वर्ष में देश में खाद की कुल खपत घटकर 6.5 से 6.7 करोड़ टन रह सकती है, जबकि पिछले साल यह करीब 7 करोड़ टन थी.
सरकार किसानों को यूरिया तय कीमत पर उपलब्ध कराती है. फिलहाल 45 किलो यूरिया की बोरी का अधिकतम खुदरा मूल्य 242 रुपये है. इसमें नीम की परत चढ़ाने का शुल्क और लागू टैक्स अलग हो सकते हैं. सरकार खाद बनाने वाली कंपनियों और आयातकों को सब्सिडी देती है, ताकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने के बावजूद किसानों को यूरिया महंगा न खरीदना पड़े.