सूखे के चलते बढ़े सब्जियों के दाम, प्याज 70 रुपये किलो तक पहुंचा.. बिगड़ा किचन का बजट – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: कर्नाटक में सूखे के कारण पिछले एक महीने से सब्जियों की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है. घरों में रोज इस्तेमाल होने वाला प्याज भी महंगा हो गया है. इसकी खुदरा कीमत 55 रुपये से बढ़कर 70 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है. वहीं, सांभर में इस्तेमाल होने वाले छोटे प्याज (शलोट) के दाम में इससे भी ज्यादा बढ़ोतरी हुई है. इसकी कीमत 55 रुपये से बढ़कर पहले 100 रुपये और अब 240 रुपये प्रति किलो हो गई है.

व्यापारियों के मुताबिक, गणेश उत्सव और दशहरा  के दौरान प्याज के दाम 65 से 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए थे. इसके बाद कीमतों में कुछ गिरावट आई थी. हालांकि, पिछले एक महीने में प्याज फिर महंगा हो गया और इसका भाव 70 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया. तब से कीमत इसी स्तर पर बनी हुई है.

प्याज के दाम बढ़ने की मुख्य वजह राज्य में सूखे के कारण इसकी कमी होना है. बेंगलुरु प्याज और आलू व्यापारी संघ के सचिव और प्याज कारोबारी बी. रविशंकर ने द हिन्दू को बताया कि सितंबर में खुदरा बाजार में प्याज की कीमत 55 रुपये से बढ़कर 65 से 70 रुपये प्रति किलो हो गई थी. इसके बाद भाव में 10 रुपये की गिरावट आई. लेकिन दिवाली के दौरान प्याज फिर महंगा होकर 70 रुपये प्रति किलो पहुंच गया. थोक बाजार में इसकी कीमत 55 से 60 रुपये प्रति किलो के आसपास है.

रविशंकर के मुताबिक, पहले बाजार में महाराष्ट्र से प्याज की सप्लाई हो रही थी. लेकिन पिछले कुछ हफ्तों से विजयपुरा जिले से भी प्याज आ रहा है. इसी वजह से कीमत 70 रुपये प्रति किलो पर बनी हुई है. अगर विजयपुरा से सप्लाई नहीं मिलती, तो प्याज का भाव 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकता था. फिलहाल राज्य के बाजारों में 60 फीसदी प्याज महाराष्ट्र और 40 फीसदी विजयपुरा जिले से आ रहा है.

कर्नाटक के बागवानी विभाग (KSDH) के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, सूखे के कारण राज्य में प्याज की 50 फीसदी से ज्यादा फसल बर्बाद हो गई है. उन्होंने बताया कि पिछले साल मॉनसून के दौरान भारी बारिश से प्याज की फसल को नुकसान हुआ था. वहीं, इस साल सूखे के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ है. अधिकारी के अनुसार, प्याज की खेती खरीफ, रबी और गर्मी, तीनों मौसम में की जा सकती है. हालांकि, कर्नाटक में इसकी खेती मुख्य रूप से खरीफ सीजन में होती है. खरीफ सीजन 2026-27 में राज्य में 1.54 लाख हेक्टेयर में प्याज की बुवाई हुई थी. लेकिन 177 तालुकों में करीब 1.28 लाख हेक्टेयर की फसल को नुकसान पहुंचा है.

Share This Article