प्याज के दाम पर सरकारी कोशिश बेअसर, महानगरों में भाव 60 रुपये किलो तक.. उपभोक्ता परेशान – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: देश के बड़े शहरों में प्याज की खुदरा कीमतें अभी भी ऊंची बनी हुई हैं. मंगलवार को महानगरों में प्याज 53 से 60 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिका. हालांकि, केंद्र सरकार देश के प्रमुख शहरों में कीमतों को नियंत्रित करने के लिए बफर स्टॉक से 35 रुपये प्रति किलो की सब्सिडी वाली दर पर प्याज बेच रही है. लेकिन इसके बावजूद खुदरा बाजार में दाम ऊंचे बने हुए हैं. ऐसे में उपभोक्ताओं के किचन का बजट बिगड़ गया है.

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, महानगरों में प्याज के भाव  अलग-अलग रहे. दिल्ली में प्याज 53 रुपये प्रति किलो बिका, जबकि मुंबई में इसका भाव 58 रुपये प्रति किलो रहा. कोलकाता और चेन्नई में प्याज सबसे महंगा 60 रुपये प्रति किलो बिका. हालांकि, 22 सितंबर को देशभर में प्याज का औसत खुदरा भाव 54.20 रुपये प्रति किलो रहा. इस दौरान प्याज की अधिकतम कीमत 100 रुपये प्रति किलो और न्यूनतम कीमत 29 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई. हालांकि, निजी कारोबार से मिले आंकड़ों के मुताबिक, खुदरा बाजार में प्याज की कीमतें मंत्रालय के आंकड़ों के मुकाबले काफी ज्यादा चल रही थीं.

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में प्याज की खुदरा कीमतें सरकारी आंकड़ों से काफी ज्यादा बनी हुई हैं. अलग-अलग इलाकों और प्याज की गुणवत्ता के आधार पर 60 से 70 रुपये प्रति किलो तक भाव बताया जा रहा है. वहीं, उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के मुताबिक दिल्ली में प्याज का भाव 53 रुपये प्रति किलो था.

केंद्र सरकार की ओर से कीमतों को नियंत्रित करने के प्रयासों के बावजूद प्याज के खुदरा भाव में ज्यादा गिरावट नहीं आई है. सरकार 35 रुपये प्रति किलो की सब्सिडी वाली दर पर बफर स्टॉक का प्याज बेचकर बाजार में आपूर्ति बढ़ा रही है. दिल्ली समेत देशभर के 50 से ज्यादा शहरों में बफर स्टॉक से सस्ता प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है.

केंद्र सरकार ने प्याज की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक रखा है. यह स्टॉक NCCF और NAFED के पास है. सरकार इस प्याज को उत्पादक राज्यों से देश के उन शहरों तक पहुंचा रही है, जहां इसकी मांग ज्यादा है. इसके लिए प्याज को सड़क के रास्ते भेजने के साथ ‘कांदा एक्सप्रेस’ नाम की विशेष ट्रेन से भी अलग-अलग शहरों तक पहुंचाया जा रहा है. साथ ही सरकार कीमतों को कम रखने के लिए चुनिंदा ऐसे शहरों में बफर स्टॉक का प्याज 35 रुपये प्रति किलो की सब्सिडी वाली दर पर बेच रही है, जहां प्याज के भाव ज्यादा हैं.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *