एग्रीवेट: Sugar Market 2026-27: दुनियाभर में चीनी के बाजार में आने वाले दिनों में हलचल देखने को मिल सकती है. अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, मार्केटिंग ईयर 2026-27 में दुनिया में चीनी का उत्पादन घटने का अनुमान है. भारत, ब्राजील और यूरोपीय संघ जैसे बड़े चीनी उत्पादक देशों में उत्पादन कम होने से वैश्विक बाजार में चीनी की सप्लाई पर दबाव बढ़ सकता है. हालांकि, चीन और रूस में उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है, लेकिन इससे दूसरे देशों की कमी पूरी नहीं हो पाएगी.
रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में चीनी की खपत करीब 17.64 करोड़ टन रहने का अनुमान है. वहीं, उत्पादन घटने के कारण वैश्विक चीनी स्टॉक में 12 प्रतिशत की गिरावट आ सकती है. इसके बाद दुनिया के पास चीनी का बचा हुआ स्टॉक सिर्फ 3.98 करोड़ टन रह सकता है. यह 2011-12 के बाद यानी करीब 15 साल का सबसे निचला स्तर होगा. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी की उपलब्धता कम हो सकती है.
चीनी ने बिगाड़ा रसोई का बजट, एक साल में 30 फीसदी महंगी हुई मिठास.. आपके शहर में क्या है भाव? – एग्रीवेट
भारत में भी 2026-27 में चीनी का उत्पादन घटने का अनुमान है. USDA की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी का उत्पादन 3 करोड़ टन से घटकर 2.95 करोड़ टन रह सकता है. इसकी वजह दक्षिण-पश्चिम मॉनसून में कम बारिश है. बारिश कम होने से गन्ने की पैदावार पर असर पड़ा है. वहीं, देश में चीनी की खपत बढ़ने की उम्मीद है. लोगों की बढ़ती आमदनी और सॉफ्ट ड्रिंक्स व बेकरी जैसे उद्योगों में ज्यादा मांग के चलते खपत 2 फीसदी बढ़कर 3.08 करोड़ टन हो सकती है.
उत्पादन घटने और मांग बढ़ने से भारत को करीब 30 लाख टन चीनी आयात करनी पड़ सकती है. इसमें 10 लाख टन चीनी बिना आयात शुल्क के मंगाने की संभावना है. इसके अलावा पुराने स्टॉक का भी ज्यादा इस्तेमाल करना पड़ सकता है. इससे देश में बचा चीनी का भंडार घटकर 43 लाख टन रह सकता है, जो पिछले 20 साल में सबसे कम होगा. वहीं, चीनी का निर्यात भी 13 फीसदी घटकर 31 लाख टन रहने का अनुमान है.
दुनिया के सबसे बड़े चीनी उत्पादक और निर्यातक ब्राजील में भी उत्पादन घट सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, वहां चीनी उत्पादन 30 लाख टन यानी 6 प्रतिशत घटकर 4.05 करोड़ टन रह सकता है. ब्राजील के मध्य-दक्षिण हिस्से में भारी बारिश के कारण गन्ने की क्वालिटी प्रभावित हुई है. इससे गन्ने से चीनी निकालने की मात्रा भी कम हो सकती है. वहीं, गन्ने का ज्यादा इस्तेमाल इथेनॉल बनाने में होने की उम्मीद है. इसका असर चीनी की उपलब्धता पर पड़ेगा. ब्राजील का निर्यात 7 प्रतिशत घटकर 3.17 करोड़ टन रहने का अनुमान है.
यूरोपीय संघ में चीनी का उत्पादन 19 फीसदी घटकर 1.31 करोड़ टन रह सकता है. इसकी वजह चुकंदर की खेती कम होना और गर्मी के साथ बारिश की कमी है. ऐसे में यूरोप को अपनी जरूरत पूरी करने के लिए दूसरे देशों से ज्यादा चीनी मंगानी पड़ सकती है. थाईलैंड में भी चीनी का उत्पादन 18 फीसदी घटकर 95 लाख टन रहने का अनुमान है. इसकी वजह अल नीनो का असर और कसावा की खेती बढ़ना है. वहीं, चीन में गन्ने की अच्छी फसल के चलते चीनी का उत्पादन बढ़कर 1.34 करोड़ टन पहुंच सकता है. इससे चीन को दूसरे देशों से कम चीनी मंगानी पड़ेगी.