सूखे से छोटे हुए किन्नू के फल, पैदावार में 20 फीसदी तक गिरावट.. टेंशन में किसान—पढ़ें इनसाइड स्टोरी – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: पंजाब के अबोहर में किन्नू की कटाई का सीजन शुरू हो गया है. हालांकि, इस बार किसानों को छोटे आकार के फलों की समस्या का सामना करना पड़ रहा है. किसानों और व्यापारियों के मुताबिक, अगस्त और सितंबर में कम बारिश और मौसम में बदलाव के कारण किन्नू का आकार प्रभावित हुआ है. वहीं, कुछ इलाकों में नहरें बंद रहने से फसल को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाया. ऐसे में किसानों आर्थिक नुकसान का डर सता रहा है.

हालांकि, किन्नू के दाम पिछले साल के स्तर पर बने हुए हैं. अबोहर की थोक मंडी में किन्नू 25 से 37 रुपये प्रति किलो बिक रहा है. कारोबारी इंदर शर्मा ने द ट्रिब्यून को बताया कि मौजूदा भाव अच्छे हैं और आने वाले महीनों में इनमें और बढ़ोतरी हो सकती है. उन्होंने कहा कि इस बार करीब 50 फीसदी किन्नू छोटे आकार का है, जबकि लगभग 20 फीसदी फल बेहतर गुणवत्ता वाले ए-ग्रेड के हैं. शर्मा के मुताबिक, इस सीजन में प्रति एकड़ औसत पैदावार में करीब 20 फीसदी की गिरावट आई है.

किन्नू उत्पादक अवनीत बराड़ ने कहा कि फल बढ़ने के समय पर्याप्त बारिश नहीं होने से उनका आकार छोटा रह गया है. वह दौलतपुरा गांव के रहने वाले हैं. वहीं, डानेवाला सतकोसी गांव के किसान नवदीप स्माघ ने कहा कि दिन और रात के तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस का अंतर होने से पेड़ों से फल गिरने की समस्या भी बढ़ गई है. उनके मुताबिक, जब दिन और रात के तापमान का अंतर घटकर 7 से 8 डिग्री सेल्सियस रह जाएगा, तब फल गिरने की समस्या कम हो सकती है. उन्होंने यह भी दावा किया कि इलाके में मिट्टी में विषैले तत्वों का स्तर बढ़ने से किन्नू के कई पौधे सूख गए हैं.

कुछ किसानों का कहना है कि दिसंबर के मध्य के बाद किन्नू का स्वाद और बेहतर हो जाएगा. हालांकि, अभी शादी-विवाह का सीजन चलने और दूसरे राज्यों से मांग आने के कारण बाजार में अच्छी खरीदारी हो रही है. वहीं, चुहड़ीवाला धन्ना गांव के एक बागवान ने अपने 10 कनाल के किन्नू के बाग को 9.3 लाख रुपये में बेचा है.

बता दें कि पंजाब का अबोहर इलाका किन्नू की खेती के लिए काफी मशहूर है. इसे राज्य का प्रमुख किन्नू उत्पादक क्षेत्र माना जाता है. फाजिल्का जिले में करीब 32 हजार हेक्टेयर में किन्नू की खेती होती है. इसका बड़ा हिस्सा अबोहर सब-डिवीजन में आता है. इस वजह से इस इलाके को किन्नू बेल्ट के नाम से भी जाना जाता है. हालांकि, पुराने बागों और मौसम की मार के कारण पिछले कुछ सालों में यहां किन्नू की खेती का रकबा और पैदावार घट-बढ़ रही है. यहां से किन्नू की सप्लई विदेशों तक में होती है.

Share This Article