एग्रीवेट: तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद ओमान ने नमक्कल से अंडों का आयात रोक दिया है. हालांकि, नमक्कल के पोल्ट्री फार्मों में संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है. इसके बावजूद आयात पर रोक से क्षेत्र के अंडा निर्यात कारोबार पर असर पड़ने की आशंका है. इस फैसले से हर महीने ओमान भेजे जाने वाले 30 से 35 कंटेनर अंडों की सप्लाई प्रभावित हुई है. नमक्कल से होने वाले कुल अंडा निर्यात में ओमान की हिस्सेदारी करीब 20 से 25 फीसदी है. हालांकि, निर्यातक इस रोक को हटवाने के लिए बातचीत कर रहे हैं.
करीब 10 दिन पहले तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) की पुष्टि हुई थी. संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए एहतियात के तौर पर हजारों पक्षियों को मार दिया गया. इसके अलावा, केंद्र और राज्य की मेडिकल टीमों ने भी प्रभावित इलाके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. हालांकि, इस बीमारी का असर अब राज्य के नमक्कल जिले के अंडा निर्यात कारोबार पर भी पड़ रहा है. बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद ओमान ने नमक्कल से अंडों का आयात रोक दिया है.
चीनी ने बिगाड़ा रसोई का बजट, एक साल में 30 फीसदी महंगी हुई मिठास.. आपके शहर में क्या है भाव? – एग्रीवेट
अंडा और पोल्ट्री उत्पाद निर्यातक संघ के सचिव जहां आर ने द न्यू इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि ओमान ने नमक्कल से अंडों का आयात आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया है. उन्होंने कहा कि नमक्कल से हर महीने ओमान को 30 से 35 कंटेनर अंडे भेजे जाते हैं. पश्चिम एशिया में युद्ध के दौरान भी कई देशों को निर्यात प्रभावित हुआ था, लेकिन ओमान को अंडों की सप्लाई जारी रही. अब आयात पर रोक लगने से इस नियमित कारोबार पर असर पड़ा है.
नमक्कल के पशुपालन विभाग के अधिकारियों और पोल्ट्री किसानों का कहना है कि जिले में बर्ड फ्लू का कोई संकेत नहीं मिला है. उनका कहना है कि यहां के पोल्ट्री फार्म में बीमारी से बचाव के लिए सख्त सुरक्षा नियमों का पालन किया जाता है. इसके तहत मुर्गी फार्मों में संक्रमण को रोकने के लिए पहले से ही जरूरी सावधानियां बरती जाती हैं. इसके बावजूद नमक्कल में बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आने पर भी ओमान ने अंडों के आयात पर रोक लगा दी है.
निर्यातक इस रोक को हटवाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं. अंडा और पोल्ट्री उत्पाद निर्यातक संघ के सचिव जहां आर ने बताया कि विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन (WOAH) की मंजूरी वाले जरूरी मानक संचालन नियमों (SOP) का पालन करने के बाद ही निर्यात दोबारा शुरू हो सकेगा. उन्होंने कहा कि आयात पर रोक से अंडों के निर्यात कारोबार पर असर पड़ सकता है. हालांकि, घरेलू बाजार में अंडों की मांग बनी रहती है तो कीमतों में बड़ी गिरावट आने की आशंका नहीं है.