एग्रीवेट: मध्य प्रदेश के बुधनी जिले के कोसमी गांव में गरीब परिवारों को घरों पर बुलडोजर चलाने पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने नाराजगी जताई है. केंद्रीय मंत्री ने मक्का, तुअर की फसलें नष्ट करने और कुएं को मिट्टी से भरने की कार्रवाई को शर्मनाक बताया. उन्होंने बुधनी में पीड़ित परिवारों से की मुलाकात की और मुख्य सचिव को फोन कर नाराजगी जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री से भी बात करेंगे. पीड़ितों को उन्होंने नए घर बनाकर देने का भी वादा किया.
मध्य प्रदेश के बुधनी विधानसभा के कोसमी गांव में वन विभाग और प्रशासन की कार्रवाई में गरीब परिवारों के घरों पर बुलडोजर चलाए जाने के मामले में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोसमी पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और पूरे मामले पर कड़ा आक्रोश जताया. गरीब परिवारों के आशियाने उजड़ने, उनकी फसलें नष्ट होने और पानी के लिए इस्तेमाल होने वाले कुएं को मिट्टी से भर दिए जाने पर शिवराज सिंह ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए.
मौके पर वन विभाग और प्रशासन के किसी भी बड़े अधिकारी के मौजूद नहीं होने पर भी शिवराज सिंह चौहान ने नाराजगी जताई. उन्होंने घटनास्थल से ही मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी और अपनी आपत्ति दर्ज कराई. भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को भी फोन कर गरीब परिवारों के घर तोड़े जाने की जानकारी दी. इस मामले में वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी चर्चा करेंगे.
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने साफ शब्दों में कहा कि गरीब परिवारों को बेघर करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. जिन परिवारों के घर तोड़े गए हैं, उनके लिए नए घर बनवाए जाएंगे. साथ ही, जब तक उनके रहने की स्थायी व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक उनके रहने और खाने-पीने की अस्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई में केवल घर ही नहीं टूटे, बल्कि पीड़ित परिवारों की आजीविका पर भी चोट पहुंची है.
मक्के और तुअर की फसलें पूरी तरह नष्ट किए जाने और सिंचाई और पीने के पानी के लिए इस्तेमाल होने वाले कुएं को भी मिट्टी से भर दिए जाने पर शिवराज सिंह ने कड़ा विरोध जताया. गरीब परिवारों के सामने घर, भोजन और पानी जैसी बुनियादी जरूरतों का संकट खड़ा होने के बीच उन्होंने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा. शिवराज सिंह चौहान के तेवरों से साफ है कि गरीब परिवारों के घर उजाड़ने के इस मामले को वो गंभीरता से ले रहे हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को आवास और तत्काल राहत दिलाने का भरोसा दिया है.