बाढ़ ने छीन ली किसानों की मेहनत! ओडिशा सरकार देगी 2,500 रुपये और 50 किलो चावल – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: Odisha Flood: किसान पूरे साल खेतों में मेहनत करके धान की फसल तैयार करते हैं, लेकिन जब कटाई का समय आता है और प्राकृतिक आपदा फसल छीन लेती है, तो उनकी पूरी मेहनत पर पानी फिर जाता है. ओडिशा के गंजाम जिले में भी कुछ ऐसा ही हुआ है. चक्रवात ‘अर्नब’ और ‘अकवान’ के बाद आई बाढ़ ने किसानों की कटाई के लिए तैयार धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है. खेतों में पानी भरने से खड़ी फसल बर्बाद होने की स्थिति में पहुंच गई है. हालात का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी माना कि अब फसल को बचा पाना लगभग असंभव है. हालांकि, उन्होंने प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने का भरोसा दिया है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नुकसान का आकलन जल्द पूरा करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि कोई भी प्रभावित परिवार सरकारी सहायता से वंचित न रहे.

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गंजाम जिले का दूसरा दौरा किया. इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित गांवों में जाकर किसानों से मुलाकात की और खेतों में फसलों को हुए नुकसान  का जायजा लिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि हवाई सर्वेक्षण और प्रभावित इलाकों के दौरे के दौरान धान की खड़ी फसल को व्यापक नुकसान होते देखा गया है. उन्होंने स्वीकार किया कि फसल कटाई के लिए तैयार थी, लेकिन लगातार आई बाढ़ ने किसानों की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है. माझी ने कहा कि अब इन फसलों को बचा पाना लगभग असंभव लग रहा है. राज्य सरकार ने इस नुकसान को गंभीरता से लिया है.

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को फसलों को हुए नुकसान का आकलन जल्द पूरा करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण की रिपोर्ट मिलते ही प्रभावित किसानों को मुआवजा  देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. इसके साथ ही संशोधित राज्य आपदा राहत कोष (SDRF) के प्रावधानों के तहत किसानों को कृषि कार्यों के लिए सब्सिडी भी दी जा रही है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, संशोधित नियमों में पहले की तुलना में बढ़ी हुई दरों पर सहायता देने का प्रावधान किया गया है. इससे बाढ़ और चक्रवात की मार झेल रहे किसानों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है.

बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने राशन कार्ड से जुड़ी शर्तों  में भी राहत देने की बात कही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन प्रभावित लोगों के पास राशन कार्ड नहीं है, वे अपने संबंधित प्रखंड कार्यालय में जाकर आवेदन कर सकते हैं. उन्होंने जिला प्रशासन को घर-घर जाकर सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया है, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार सरकारी सहायता से वंचित न रहे. माझी ने सब्जी उत्पादकों, छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी लगाने वालों को भी मदद देने का भरोसा दिया है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रभावित परिवारों  को 50 किलोग्राम चावल और 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है. अब तक करीब 80 प्रतिशत परिवारों को चावल और 60 प्रतिशत परिवारों को आर्थिक सहायता मिल चुकी है. उन्होंने यह भी बताया कि चक्रवात ‘अर्नब’ के दौरान गंजाम जिले में 2.11 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था. वहीं, चक्रवात ‘अकवान’ के दौरान 1.54 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया.

Share This Article