एग्रीवेट: जब भी बेहतरीन गुणवत्ता वाले चावल की बात होती है, तो सबसे पहले बासमती का नाम लिया जाता है. ज्यादातर लोग इसे स्वाद और पोषण के मामले में सबसे बेहतर मानते हैं. हालांकि, चावल की कई ऐसी किस्में भी हैं, जो स्वाद और पौष्टिकता के मामले में बासमती को टक्कर देती हैं. इनकी मांग उत्तराखंड के साथ-साथ दूसरे राज्यों में भी है. ऐसी ही एक खास किस्म लाल चावल है, जिसे जीआई टैग भी मिल चुका है. उत्तराखंड में इसे काफी पसंद किया जाता है और गांवों में सुपरफूड के रूप में इसकी पहचान है.
इस चावल चावल की खेती उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में होती है. अपने अनोखे स्वाद और पौष्टिक गुणों के कारण यह चावल स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूसरे राज्यों के उपभोक्ताओं के बीच भी लोकप्रिय है. खासकर सेहत के प्रति जागरूक लोग इसे काफी पसंद करते हैं. लाल चावल पारंपरिक रूप से बिना पॉलिश किया हुआ होता है. इस वजह से इसमें पोषक तत्व बने रहते हैं. ऐसे लाल चावल मुख्य रूप से ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में उगाया जाता है. इसकी खेती खास तौर पर उत्तरकाशी की पुरोला घाटी और बागेश्वर की सरयू घाटी में होती है. इस चावल की खास बात यह है कि इसकी खेती में रासायनिक खादों का इस्तेमाल नहीं किया जाता. स्थानीय किसान पीढ़ियों से चली आ रही पारंपरिक पहाड़ी खेती की पद्धतियों से इसकी पैदावार करते हैं. खेती के दौरान यूरिया और दूसरे रासायनिक उर्वरकों से परहेज किया जाता है.
NCR प्रदूषण पर CAQM की रिपोर्ट, पराली प्रबंधन में पंजाब-हरियाणा फेल.. मशीनों के बावजूद लक्ष्य अधूरे – एग्रीवेट
लाल चावल का खास लाल रंग इसमें प्राकृतिक रूप से मौजूद एंथोसायनिन नाम के तत्व की वजह से होता है. यह एक तरह का एंटीऑक्सीडेंट है, जो शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करता है. पोषण के मामले में भी लाल चावल काफी अच्छा माना जाता है. इसमें आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम, फाइबर और विटामिन-B जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं.
लाल चावल में फाइबर की अच्छी मात्रा होती है, जो पाचन को बेहतर बनाने में मदद करती है. इसे खाने के बाद लंबे समय तक पेट भरा रहता है. इससे बार-बार भूख नहीं लगती और वजन नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है. इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी अपेक्षाकृत कम होता है, इसलिए यह ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ने से रोकने में मदद कर सकता है. इसके अलावा, लाल चावल में मौजूद पोषक तत्व दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद हो सकते हैं. यह कोलेस्ट्रॉल और शरीर में सूजन को नियंत्रित रखने में मदद कर सकता है. हालांकि, डायबिटीज के मरीजों को इसकी मात्रा का ध्यान रखना चाहिए.
लाल चावल की अच्छी पैदावार के लिए खेत की सही तैयारी और उचित तरीके से बुवाई करना जरूरी है. इसकी खेती के लिए उपजाऊ मिट्टी और पानी की निकासी की अच्छी व्यवस्था होनी चाहिए. आमतौर पर इसकी नर्सरी अप्रैल में तैयार की जाती है. इसके बाद जून के अंत से जुलाई की शुरुआत तक खेत में पौधों की रोपाई की जाती है. फसल की किस्म के अनुसार इसे पकने में करीब 120 से 135 दिन लगते हैं. इसकी कटाई अक्टूबर के आसपास की जाती है.
लाल चावल की खेती के लिए अपने क्षेत्र की जलवायु और मिट्टी के अनुकूल अच्छी गुणवत्ता वाले बीजों का चुनाव करना चाहिए. रोपाई करते समय एक पंक्ति से दूसरी पंक्ति के बीच 20 से 25 सेंटीमीटर और एक पौधे से दूसरे पौधे के बीच 10 से 15 सेंटीमीटर की दूरी रखनी चाहिए. वहीं, सीधे बीज बोने पर उन्हें मिट्टी में करीब 2 से 3 सेंटीमीटर की गहराई पर डालना चाहिए. फसल की शुरुआती बढ़वार के दौरान खेत में पर्याप्त नमी बनाए रखना जरूरी है. इसके अलावा समय-समय पर खरपतवार हटाने और फसल में लगने वाले रोगों की निगरानी करनी चाहिए. इससे फसल का विकास बेहतर होता है और अच्छी पैदावार मिलने की संभावना बढ़ती है.
उत्तरकाशी के पुरोला और मोरी क्षेत्र में लाल चावल की खेती बड़े पैमाने पर होती है. इन इलाकों में करीब 1,700 से 2,500 हेक्टेयर जमीन पर लाल चावल उगाया जाता है. इसकी खेती से लगभग 3,497 किसान जुड़े हुए हैं. इसके अलावा, डुंडा और भटवाड़ी ब्लॉक में भी लाल चावल की खेती का रकबा बढ़ाने की योजना पर काम किया जा रहा है. इसके तहत करीब 200 हेक्टेयर क्षेत्र में खेती को बढ़ावा देने का लक्ष्य है.
सर्दियों की शुरुआत के साथ ही उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में पारंपरिक लाल चावल की मांग बढ़ने लगती है. बागेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में लोग सदियों से ठंड के मौसम में इसे खाते आ रहे हैं. स्वाद और पोषण के कारण इसे सफेद चावल का बेहतर विकल्प माना जाता है. खासकर सर्दियों में इससे बनने वाली खीर लोगों को खूब पसंद आती है. इसे दूध में धीमी आंच पर पकाकर गुड़ या शहद, देसी घी और मेवों के साथ परोसा जाता है. अब इसकी मांग ऑनलाइन भी बढ़ रही है. इससे किसानों को 120 से 200 रुपये प्रति किलो तक दाम मिल रहे हैं. खास बात यह है कि लाल चावल को 8 नवंबर 2023 को जीआई टैग मिला था.