एग्रीवेट: उत्तर प्रदेश में बाढ़, भारी बारिश, ओलावृष्टि और चक्रवात से फसल नुकसान झेलने वाले 9 लाख से अधिक किसानों को आज 493 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. गोरखपुर से यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए भेजी जाएगी. सरकार के मुताबिक, इस मदद से किसानों को फसल नुकसान से उबरने और अगली खेती के लिए बीज, खाद व अन्य कृषि सामग्री खरीदने में सहायता मिलेगी. खास बात यह है कि सहायता राशि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जारी करेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे.
प्राकृतिक आपदाओं से फसल को हुए नुकसान के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों को आर्थिक मदद देने की प्रक्रिया तेज कर दी है. राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, चालू वित्त वर्ष की शुरुआत से 9 अक्टूबर तक प्रदेश में बाढ़, भारी बारिश, चक्रवात और ओलावृष्टि से फसल नुकसान झेलने वाले 9 लाख 18 हजार 91 किसानों की पहचान की गई है. इन किसानों को कृषि निवेश अनुदान के रूप में कुल 493 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं. इस राशि से किसानों को खेती के लिए बीज, खाद और अन्य जरूरी सामान खरीदने में मदद मिलेगी.