महाराष्ट्र में गन्ना किसानों का प्रदर्शन, चीनी मिल मालिकों से 3500 रुपये टन एडवांस भुगतान की मांग – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read
महाराष्ट्र में गन्ना किसानों का प्रदर्शन, चीनी मिल मालिकों से 3500 रुपये टन एडवांस भुगतान की मांग - एग्रीवेट - महाराष्ट्र में गन्ना

एग्रीवेट: महाराष्ट्र के सोलापुर में गन्ने के उचित भाव की मांग को लेकर हजारों किसान सड़क पर उतर आए हैं. किसानों ने जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर में धरना देकर चीनी मिल मालिकों से 3,500 रुपये प्रति टन की पहली किस्त देने की मांग की. किसानों का आरोप है कि पेराई सीजन शुरू हुए एक महीना बीतने के बावजूद मिल मालिकों ने अब तक गन्ने का भाव घोषित नहीं किया है.

किसानों का मार्च चार हुतात्मा पुतला से शुरू हुआ. इसका नेतृत्व स्वाभिमानी शेतकरी संगठन, रायत क्रांति, बलिराजा, जनक्रांति और प्रहार संगठनों ने किया. स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के अध्यक्ष और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने कहा कि सोलापुर से महज 30 किलोमीटर दूर कर्नाटक की चीनी मिलें किसानों को 3,700 रुपये प्रति टन दे रही हैं. ऐसे में सोलापुर की मिलें भी किसानों को यही भाव क्यों नहीं दे सकतीं?

किसानों का मार्च जब जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा तो वहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई. दरअसल, पुलिस ने मुख्य गेट बंद कर दिया था और किसानों को परिसर में जाने से रोकने की कोशिश की. हालांकि, किसानों ने पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बावजूद गेट खोल दिया और कार्यालय परिसर में दाखिल हो गए. किसानों की मांग है कि चीनी मिल मालिक गन्ने का भाव 3,500 रुपये प्रति टन तय करें.

किसान नेता अनिल पवार ने कहा कि सोलापुर की चीनी मिलों ने किसानों को उचित भाव नहीं दिया और केवल 3,150 रुपये प्रति टन का भुगतान कर उनका शोषण किया. उन्होंने कहा कि मिल मालिकों को कोल्हापुर मॉडल भी लागू करना चाहिए था. ऐसा होता तो किसानों को प्रदर्शन नहीं करना पड़ता. पवार ने कहा कि कोल्हापुर में भी इसी तरह का प्रदर्शन हुआ था, जहां किसानों ने गन्ने के लिए 4,200 रुपये प्रति टन की मांग रखी थी. सोलापुर के किसान भी इसी तरह के बेहतर भाव की उम्मीद कर रहे हैं.

कोल्हापुर जिले में भी किसानों ने गन्ने के उचित भाव की मांग को लेकर एक सप्ताह तक प्रदर्शन किया था. यह आंदोलन तब खत्म हुआ, जब प्रशासन ने किसानों को 4,200 रुपये प्रति टन भाव दिलाने पर सहमति जताई. स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के अध्यक्ष राजू शेट्टी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चीनी मिल मालिकों ने एक महीने पहले ही पेराई शुरू कर दी. इससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है, क्योंकि शुरुआती दौर में गन्ने से चीनी की रिकवरी कम होती है. रिकवरी रेट का मतलब है कि एक टन गन्ने की पेराई से मिल को कितनी मात्रा में चीनी मिलती है. जिला कलेक्टर कार्यालय में प्रदर्शन से पहले 14 नवंबर को भी गांव स्तर पर बैठकें की गई थीं. ये बैठकें होनमुर्गी, कंदलगांव, अंतरोली, अक्कलकोट, शेगांव, पानमंगरुल, मोहोल, पेनूर और घोडेश्वर में हुई थीं.

Share This Article