बंगाल में चक्रवात अकवान का कहर, 15 दिन तक पिछड़ सकती है आलू की बुवाई.. घटेगा रकबा!, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: West Bengal Potato Farming: पश्चिम बंगाल में चक्रवात अकवान के कारण हुई भारी बारिश ने आलू किसानों की चिंता बढ़ा दी है. राज्य में खेतों में पानी भरने से आलू की बुवाई की तैयारी प्रभावित हुई है. इसका सबसे ज्यादा असर उन किसानों पर पड़ा है, जिन्होंने आलू की शुरुआती किस्मों के बीज पहले ही खेतों में लगा दिए थे. अब इन बीजों के खराब होने का डर है. वहीं, खेतों में नमी और जलभराव के कारण मुख्य फसल की बुवाई भी करीब 10 से 15 दिन पिछड़ सकती है. ऐसे में इस बार राज्य में आलू की खेती का कुल रकबा घटने की आशंका जताई जा रही है.

दरअसल, पिछले सप्ताह बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात अकवान के असर से दक्षिणी पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भारी बारिश हुई. इससे हुगली, पूर्व बर्धमान और पश्चिम मेदिनीपुर जैसे प्रमुख आलू उत्पादक जिलों में खेतों में पानी भर गया. इसका असर किसानों की खेती की तैयारियों पर पड़ा है.

बिजनेस लाइन की रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम बंगाल कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य पतित पाबन डे ने बताया कि, जिन किसानों ने आलू की शुरुआती किस्मों के बीज खेतों में लगा दिए थे, उन्हें बारिश से काफी नुकसान हुआ है. खेतों में पानी भरने के कारण बीजों के सड़ने और खराब होने का खतरा है. शुरुआती किस्मों का राज्य के कुल आलू उत्पादन में करीब 10 फीसदी हिस्सा होता है. ऐसे में इन किस्मों को नुकसान पहुंचने से किसानों की कमाई पर असर पड़ सकता है. खासकर छोटे किसानों के लिए यह नुकसान परेशानी बढ़ा सकता है, क्योंकि दोबारा बुवाई करने पर उन्हें बीज और खेत तैयार करने में अतिरिक्त पैसा खर्च करना पड़ सकता है.

आलू की बुवाई में देरी की एक और वजह अमन धान की फसल है. दरअसल, पश्चिम बंगाल में किसान धान की कटाई के बाद खाली खेतों में आलू की बुवाई करते हैं. लेकिन लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में धान की फसल अभी खेतों में खड़ी है. खेतों में पानी भरा होने से किसान न तो आसानी से धान काट पा रहे हैं और न ही जमीन को आलू की बुवाई के लिए तैयार कर पा रहे हैं. आमतौर पर राज्य में आलू की मुख्य बुवाई नवंबर के तीसरे सप्ताह से शुरू हो जाती है. लेकिन इस बार बारिश के कारण इसमें कम से कम 10 दिन की देरी हो सकती है. अगर खेतों से पानी जल्दी नहीं निकला तो बुवाई और भी पिछड़ सकती है.

पश्चिम बंगाल देश का दूसरा सबसे बड़ा आलू उत्पादक राज्य है. पिछले सीजन 2025-26 में यहां करीब 5 लाख हेक्टेयर में आलू की खेती हुई थी. अच्छी पैदावार के चलते राज्य में करीब 140 लाख टन आलू का उत्पादन हुआ था. यह पिछले पांच साल में सबसे ज्यादा उत्पादन था. लेकिन इस बार मौसम की मार और शुरुआती फसल को हुए नुकसान के कारण खेती का रकबा घटने की आशंका है. इससे आने वाले समय में आलू की कुल पैदावार पर भी असर पड़ सकता है.

बारिश के कारण शुरुआती आलू की फसल प्रभावित होने के बाद बाजार में भी कीमतें बढ़ने लगी हैं. पश्चिम बंगाल प्रगतिशील आलू व्यवसायी समिति के महासचिव लालू मुखर्जी के मुताबिक, ज्योति किस्म के आलू का भाव कोल्ड स्टोरेज के गेट पर 8 रुपये से बढ़कर 12 रुपये प्रति किलो हो गया है.

वहीं, किसानों को अक्टूबर में आलू के करीब 3 रुपये प्रति किलो मिल रहे थे, जो अब बढ़कर लगभग 6 रुपये प्रति किलो हो गए हैं. इससे किसानों को कुछ राहत जरूर मिली है. हालांकि, जिन किसानों की शुरुआती फसल खराब हुई है, उनके लिए बढ़े हुए दाम भी नुकसान की पूरी भरपाई नहीं कर पाएंगे.

Share This Article