एग्रीवेट: India Fishmeal Export : भारत से मछली के चारे में इस्तेमाल होने वाले फिशमील का निर्यात तेजी से बढ़ रहा है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी मांग और कीमत दोनों बढ़ने से भारतीय कंपनियां विदेशों में ज्यादा माल भेज रही हैं. लेकिन इसका असर अब देश के मछली और झींगा पालने वाले किसानों पर पड़ सकता है. अगर फिशमील का निर्यात इसी रफ्तार से जारी रहा तो घरेलू बाजार में इसकी कमी हो सकती है. इससे मछलियों का दाना महंगा होने और मछली पालन की लागत बढ़ने का खतरा है. इसी को देखते हुए सीफूड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SEAI) ने सरकार से फिशमील के निर्यात पर कुछ समय के लिए सीमा तय करने की मांग की है.
फिशमील मछलियों और दूसरे समुद्री जीवों से तैयार किया जाता है. इसका इस्तेमाल मछली और झींगा पालन में दिए जाने वाले दाने को बनाने के लिए होता है. इसमें प्रोटीन की अच्छी मात्रा होती है, जिससे मछलियों की बढ़त में मदद मिलती है. दरअसल, दुनिया में फिशमील की सबसे बड़ी सप्लायर कंपनी पेरू ने इसका निर्यात कम कर दिया है. इसके पीछे समुद्री मछलियों पर बढ़ते दबाव और अल नीनो के असर को लेकर चिंता बताई जा रही है. इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में फिशमील की कीमतें बढ़ गई हैं. ज्यादा दाम मिलने के कारण भारतीय कंपनियां भी इसका निर्यात बढ़ा रही हैं.
Poultry India Expo-2026: हैदराबाद में जुटीं पोल्ट्री की 500 कंपनियां, देश-विदेश के हजारों फार्मर – एग्रीवेट
बिजनेस लाइन की रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने 2024-25 में 2.24 लाख टन फिशमील का निर्यात किया था, जिसकी कीमत करीब 269.40 मिलियन डॉलर थी. 2025-26 में यह बढ़कर 3.92 लाख टन हो गया और इसकी कीमत 507.73 मिलियन डॉलर तक पहुंच गई. वहीं, अप्रैल से अगस्त 2026 के बीच ही 1.81 लाख टन फिशमील का निर्यात हो चुका है.
SEAI के मुताबिक, भारत में हर साल करीब 5.5 लाख टन फिशमील तैयार होता है. अगर निर्यात इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो इस वित्त वर्ष में यह 4.5 लाख टन तक पहुंच सकता है. ऐसे में घरेलू मछली पालन और झींगा पालन के लिए पर्याप्त फिशमील बचने में मुश्किल हो सकती है. इसका सीधा असर किसानों की जेब पर पड़ेगा. फिशमील की कमी होने पर मछलियों का दाना महंगा हो सकता है. इससे मछली और झींगा पालने की लागत बढ़ेगी और किसानों का मुनाफा कम हो सकता है. इसका असर भारत के 5.62 अरब डॉलर के झींगा निर्यात कारोबार पर भी पड़ सकता है. इस कारोबार से करीब 40 लाख लोगों को रोजगार मिलता है.
फिशमील बनाने के लिए पहले आमतौर पर ऐसी मछलियों का इस्तेमाल होता था, जिन्हें इंसान खाने के लिए इस्तेमाल नहीं करते थे. इसके अलावा मछली की सफाई के बाद बचने वाले हिस्सों से भी फिशमील बनाया जाता था. लेकिन अब समुद्र में छोटी और कम उम्र की मछलियों को पकड़कर फिशमील बनाने की चिंता बढ़ रही है. अगर छोटी मछलियों को बड़े होने और प्रजनन करने से पहले ही पकड़ लिया जाएगा, तो समुद्र में मछलियों की संख्या घट सकती है.
इन परेशानियों को देखते हुए SEAI ने सरकार से फिशमील के निर्यात पर अस्थायी सीमा लगाने की मांग की है. संगठन चाहता है कि, हर निर्यातक को उसके पिछले तीन साल के निर्यात रिकॉर्ड के आधार पर एक तय मात्रा में माल भेजने की अनुमति मिले. इससे घरेलू मछली पालन के लिए भी पर्याप्त फिशमील बचाया जा सकेगा.
इसके अलावा, अगर छोटी मछलियों को पकड़कर फिशमील बनाया जाता है तो भारत के समुद्री उत्पादों के निर्यात पर भी असर पड़ सकता है. अमेरिका, यूरोपीय संघ, जापान और ब्रिटेन जैसे बाजारों में समुद्री उत्पादों के टिकाऊ उत्पादन को लेकर सख्त नियम हैं.