एग्रीवेट: Bihar Market Committee: पटना की बाजार समिति को अब सिर्फ खरीद-बिक्री का केंद्र नहीं, बल्कि किसानों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस बाजार के रूप में विकसित करने की तैयारी है. 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस परिसर को आम जनता को समर्पित करेंगे. इससे पहले बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बाजार समिति का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं. खास बात यह है कि यहां प्राकृतिक खेती से तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे. साथ ही दुकानों के आवंटन में पारदर्शिता लाने के लिए नई नियमावली भी तैयार की जा रही है.
बाजार समिति परिसर में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी. कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्राकृतिक खेती से तैयार कृषि उत्पादों की बिक्री के लिए अलग स्टॉल लगाए जाएं. इन स्टॉलों के आवंटन में प्राकृतिक खेती के उत्पाद बेचने वाले विक्रेताओं को प्राथमिकता दी जाएगी. इससे प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर बाजार मिल सकेगा. वहीं, उपभोक्ताओं को भी शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पाद खरीदने का विकल्प मिलेगा.
UP में किसानों-बागवानों को मिली बड़ी राहत, अब ‘सरकारी योजनाओं’ का लाभ लेना होगा आसान—जानें पूरा मामला – एग्रीवेट
निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री ने बाजार समिति परिसर की साफ-सफाई, दुकानों की स्थिति और रखरखाव का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिसर में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए. इसके अलावा रखरखाव से जुड़ी किसी भी समस्या का समाधान 24 घंटे के भीतर किया जाए. मंत्री ने आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिसर में प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था करने को भी कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बाजार समिति की दुकानों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए विस्तृत सर्वेक्षण कराया जाएगा. कृषि मंत्री ने अनुमंडल पदाधिकारी को सभी दुकानों की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही दुकानदारों और बाजार समिति से जुड़े अन्य लोगों के साथ संवाद स्थापित किया जाएगा. उनकी समस्याओं और सुझावों को समझकर जरूरी कार्रवाई की जाएगी. इस पहल का उद्देश्य बाजार समिति की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ व्यापारियों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना है.
बाजार समिति में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए नई नियमावली तैयार की जा रही है. कृषि मंत्री के मुताबिक, इसी नियमावली के आधार पर पात्र और वास्तविक लाभार्थियों को दुकानें आवंटित की जाएंगी. इससे आवंटन में निष्पक्षता सुनिश्चित करने और वास्तविक हकदारों तक लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी. सरकार का लक्ष्य बाजार समिति को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुविधायुक्त व्यापारिक केंद्र बनाना है. कल यानी 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस परिसर को आम जनता को समर्पित करेंगे. ऐसे में प्रशासन को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.