एग्रीवेट: ओडिशा के सुंदरगढ़ में किसानों की 273 एकड़ जमीन अधिग्रहण जमीन मामले में सुप्रीम कोर्ट में 2024 के हाईकोर्ट के फैसले को पलट दिया है. सुप्रीमकोर्ट ने किसानों के पक्ष में फैसला सुनाते हुए भूमि अधिग्रहण को रद्द कर दिया है. 2021 से चल रहे इस मामले में कई साल की लंबी लड़ाई के बाद अब किसानों को राहत मिली है. किसानों और विपक्षी दलों ने इस फैसले को बहुत अहम बताया है.
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में किसानों और आदिवासी परिवारों की कृषि भूमि के अधिग्रहण को लेकर चल रहे विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है. पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार 18 नवंबर 2026 को न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने डालमिया सीमेंट्स भारत लिमिटेड की खनन परियोजना के लिए 3 गांवों की जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया को रद्द कर दिया. यह मामला सुंदरगढ़ जिले के कुकुड़ा, बिहाबंधा और लांजीबेरना गांवों की करीब 273.57 एकड़ कृषि भूमि से जुड़ा है. कंपनी को अपनी खनन गतिविधियों के विस्तार के लिए इस जमीन के सतही अधिकारों की जरूरत थी.
किसानों को सूखा राहत की दूसरी किस्त कब मिलेगी? डिप्टी सीएम टाल गईं सवाल.. ट्रैक्टर मार्च की चेतावनी – एग्रीवेट
इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण बात यह थी कि संबंधित ग्राम सभाओं ने जनवरी 2020 में प्रस्ताव पारित कर जमीन अधिग्रहण का विरोध किया था. इसके बावजूद ओडिशा सरकार ने नवंबर 2021 में अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर दी. प्रभावित ग्रामीणों ने पहले ओडिशा हाईकोर्ट में चुनौती दी, लेकिन सितंबर 2024 में ओडिशा हाईकोर्ट ने अपने फैसले में सरकार का पक्ष में फैसला सुनाया और अधिग्रहण को सही ठहराया. इसके बाद ग्रामीणों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. सुप्रीम कोर्ट ने पाया कि भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और पुनर्स्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम 2013 के जरूरी प्रावधानों का पालन नहीं किया गया.
सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला किसानों और आदिवासी समुदायों के लिए इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि अदालत ने स्पष्ट किया है कि अनुसूचित क्षेत्रों में जमीन अधिग्रहण से पहले संबंधित ग्राम सभा की सहमति लेना जरूरी है. इसके अलावा निजी कंपनी के लिए भूमि अधिग्रहण की स्थिति में प्रभावित परिवारों के कम से कम 80 फीसदी लोगों की पूर्व सहमति और सामाजिक प्रभाव आकलन (SIA) की प्रक्रिया जरूरी है. अदालत ने कहा कि ग्राम सभा की सहमति को केवल औपचारिकता नहीं माना जा सकता. इससे देश के उन किसानों और आदिवासी परिवारों को कानूनी मजबूती मिलेगी, जिनकी जमीन खनन, उद्योग और दूसरी निजी परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित की जाती है.
कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे किसानों और आदिवासी समुदायों के लिए ‘आशा की किरण’ बताया है. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि यह फैसला उन निजी कंपनियों और राज्य सरकारों के लिए चेतावनी है, जो ग्राम सभाओं की सहमति के बिना जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाती हैं. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने अधिग्रहण पर रोक लगाने के साथ सरकार को कानून के मुताबिक नई अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू करने की छूट भी दी है. ऐसे में इस फैसले का सबसे बड़ा संदेश यह है कि विकास परियोजनाओं के नाम पर किसानों और आदिवासियों की जमीन लेने से पहले उनकी सहमति, अधिकारों और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करना अनिवार्य है.