Bisleri Water Controversy: बिसलेरी के पानी का सैंपल फेल..5 कंपनियों की बढ़ी मुश्किलें, 2 के लाइसेंस रद्द – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने सख्त कदम उठाया है. प्राधिकरण ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड समेत पांच खाद्य कारोबारियों के खिलाफ असुरक्षित और घटिया उत्पादों के मामले में मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है. जांच में बिसलेरी के पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई. वहीं, खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी गंभीर खामियों के चलते दो अन्य कंपनियों के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं. इस कार्रवाई से पैक्ड पानी और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं.

FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है. इसकी वजह कंपनी के पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित मानक से अधिक पाया जाना है. खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत इस उत्पाद को असुरक्षित घोषित  किया गया है. इसके अलावा, रेफरल फूड लेबोरेटरी की जांच में पानी के नमूने में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी भी सामने आई. इसके आधार पर भी उत्पाद को असुरक्षित माना गया. हालांकि, इस मामले पर कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

बिसलेरी इंटरनेशनल ने अपने पैक्ड पेयजल को पीने के लिए सुरक्षित बताया है. कंपनी ने सोमवार को कहा कि रेफरल लैब में जांच के दौरान पानी में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर मिली है. यह बयान भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी देने के एक दिन बाद आया है. एफएसएसएआई ने पैक्ड पेयजल के नमूने को जांच में असुरक्षित पाया था.

बिसलेरी के अलावा चार अन्य खाद्य कारोबारियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी गई है. वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड के मिर्च पाउडर में डिफेनोकोनाजोल की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई. वहीं, टिट-बिट फूड्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के मिर्च पाउडर में कीटनाशक अवशेष और हल्दी पाउडर में टिन की मात्रा निर्धारित मानक से ज्यादा मिली. इसके अलावा, मीमांसा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के अखरोट की गिरी को घटिया और असुरक्षित पाया गया. आशा कन्फेक्शनरी की चॉकलेट से भरी कुकीज भी जांच में खरी नहीं उतरीं. इन कुकीज को गलत लेबलिंग, घटिया गुणवत्ता और असुरक्षित उत्पाद की श्रेणी में रखा गया. इनमें पैकेट पर बताई गई चीनी की मात्रा और वास्तविक मात्रा के बीच अंतर पाया गया.

FSSAI ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाली दो अन्य इकाइयों के खिलाफ भी कार्रवाई की है. इनमें उर्मी लाइफसाइंसेज LLP और गौर आयुर्वेदिक स्टोर शामिल हैं. प्राधिकरण ने खराब स्वच्छता व्यवस्था  और उत्पादों की दोबारा पैकिंग से जुड़ी अनियमितताओं के कारण दोनों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं. खाद्य कारोबारियों के लिए साफ-सफाई, सुरक्षित भंडारण और सही पैकेजिंग से जुड़े मानकों का पालन करना जरूरी है. इन नियमों में लापरवाही उपभोक्ताओं की सेहत के लिए जोखिम पैदा कर सकती है.

खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता  के साथ-साथ FSSAI ने एनर्जी ड्रिंक की लेबलिंग को लेकर भी सख्ती दिखाई है. जून में प्राधिकरण ने कुछ पेय पदार्थों पर ‘एनर्जी ड्रिंक’ लेबल के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई थी. नियामक का कहना है कि कुछ पेय पदार्थों में चीनी की मात्रा काफी अधिक होती है. ऐसे उत्पादों को एनर्जी ड्रिंक के रूप में पेश करने से उपभोक्ता गुमराह हो सकते हैं और उनका जरूरत से ज्यादा सेवन कर सकते हैं. इस फैसले को रेड बुल, पेप्सिको, मॉन्स्टर बेवरेज और रिलायंस कंज्यूमर ने दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है. कंपनियों का कहना है कि प्रतिबंध लगाने से पहले उन्हें उचित सूचना नहीं दी गई. रेड बुल को अदालत से अंतरिम राहत मिली है, जिसके तहत वह फिलहाल एनर्जी ड्रिंक लेबल का इस्तेमाल जारी रख सकती है. वहीं, अन्य कंपनियों को मौजूदा स्टॉक खत्म होने के बाद इस वर्गीकरण का इस्तेमाल बंद करने का निर्देश दिया गया है. FSSAI ने रेड बुल को मिली राहत को भी चुनौती दी है. मामले की अगली सुनवाई जनवरी में होनी है.

Share This Article