किसानों को सूखा राहत की दूसरी किस्त कब मिलेगी? डिप्टी सीएम टाल गईं सवाल.. ट्रैक्टर मार्च की चेतावनी – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित 1.5 करोड़ किसानों को सूखा राहत की दूसरी किस्त का इंतजार करते करते अब संयम टूटता दिख रहा है. राज्य के अलग-अलग हिस्सों में किसान जल संकट की वजह से अपनी फसलों को उजाड़ रहे हैं. वहीं, राशि नहीं मिलने से रबी फसलों की बुवाई भी कई किसान नहीं कर सके हैं. हालांकि, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार ने फिर से कहा है कि सरकार किसानों की हरसंभव मदद की जाएगी. जबकि, दूसरी किस्त जारी करने का सवाल टाल गईं. ऐसे में पीड़ित किसानों का संयम टूटने लगा है. वहीं, विपक्षी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस ने 1 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर मुआवजे की मांग की है और जल्द नहीं जारी किए जाने पर ट्रैक्टर मार्च निकालने और आंदोलन की चेतावनी दी है.

महाराष्ट्र सरकार ने सूखा प्रभावित किसानों को प्रति किसान 5,000 की अग्रिम आर्थिक सहायता दीवाली से पहले जारी की और बाकी राशि बाद में देने का वादा किया था. लेकिन, अब तक दूसरी किस्त जारी करने को लेकर कोई तारीख की घोषणा नहीं की जा रही है. इस बीच महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने कहा कि राज्य सरकार सूखे की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और प्रभावित तालुकाओं में पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता, जल प्रबंधन और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर पैदा करने को प्राथमिकता दे रही है.

डिप्टी सीएम ने पुणे के बालेवाडी इलाके में शिव छत्रपति खेल परिसर के दौरे के समय संवाददाताओं से कहा कि सरकार ने किसानों की मदद के लिए जल प्रबंधन की व्यवस्था की है. उन्होंने कहा कि किसानों को बड़े पैमाने पर चारे की फसल उगाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है और उन्हें बीज भी उपलब्ध कराए गए हैं. पवार ने कहा कि नहरों और बांधों के आसपास रहने वाले किसानों से भी चारे की खेती करने का आग्रह किया गया है. उन्होंने कहा कि सरकार उनसे चारा खरीदेगी, जिससे किसानों को अतिरिक्त आय होगी. सरकार ने रोजगार गारंटी योजना के तहत गर्मियों में कई कार्य कराने का भी प्रस्ताव रखा है ताकि अधिक लोगों को रोजगार मिल सके और उनकी आजीविका चलाने में मदद मिल सके.

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के 358 तालुका में से 310 को सूखाग्रस्त घोषित किया है. जब पवार से पूछा गया कि किसानों को पांच-पांच हजार रुपये की अग्रिम राहत देने की राज्य सरकार की घोषणा के बाद केंद्र से सहायता कब तक मिलने की उम्मीद है तो उन्होंने कोई समयसीमा नहीं बताई. हालांकि, उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सूखे की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) सूखे से प्रभावित किसानों को एक लाख रुपये प्रति हेक्टेयर मुआवजा देने की मांग को लेकर महाराष्ट्र विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र के दौरान नागपुर में ट्रैक्टर मार्च निकालेगी. पार्टी विधायक रोहित पवार ने कहा कि पार्टी प्रमुख शरद पवार के मार्गदर्शन में चार से नौ दिसंबर तक ‘न्याय अधिकार ट्रैक्टर मार्च’ निकाला जाएगा. यह मार्च बुलढाणा जिले के शेगांव से शुरू होकर नागपुर विधानसभा परिसर तक पहुंचेगा.

Share This Article