एग्रीवेट: चना की बुवाई का समय 15 अक्टबर से 20 नवंबर तक माना जाता है. गेहूं या धान की कटाई में देरी, खेत खाली होने में समय लगने या मौसम की वजह से कई किसान चने की बुवाई समय पर नहीं कर पाते हैं. ऐसे किसानों के लिए कम अवधि में पकने वाली और पछेती बुवाई के अनुकूल किस्मों का चुनाव जरूरी है. भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के भारतीय दलहन अनुसंधान संस्थान (ICAR- IIPR) कानपुर और उत्तर प्रदेश कृषि विभाग ने चना की 5 किस्मों की सूची बताई है, जिनकी बुवाई 20 नवंबर तक की जा सकती है. खास बात ये है कि यह किस्में कम समय में तैयार होने और गर्म तापमान झेलने में सक्षम हैं.
चना की पछेती किस्मों में पंत ग्राम-5 (PG 0109) को अच्छी किस्म माना जाता है. यह पछेती बुवाई के लिए विकसित चने की उपयोगी किस्म है. उत्तर-पश्चिमी मैदानी क्षेत्र में इसकी खेती की सिफारिश की गई है, जिसमें उत्तर प्रदेश भी शामिल है. यह किस्म लगभग 126 से 140 दिनों में पककर तैयार होती है और इसकी संभावित उपज 22 से 23 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है. इसमें उकठा रोग के प्रति सहनशीलता भी पाई जाती है.
5 फसलों पर MSP गारंटी और कर्जमाफी को लेकर किसान लामबंद, दिसंबर में फिर आंदोलन का आह्वान – एग्रीवेट
चना की उन्नत पछेती किस्मों IPC 2006-77 भी शामिल है. यह देसी किस्म कम अवधि में पकने के साथ पछेती बुवाई के लिए उपयुक्त मानी गई है. इसकी फसल लगभग 115 से 120 दिनों में तैयार हो जाती है और संभावित उपज 20 से 25 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है. इसमें उकठा रोग के प्रति प्रतिरोधक क्षमता और जड़ सड़न व कॉलर रॉट जैसे रोगों के प्रति मध्यम सहनशीलता है. इसे मध्य क्षेत्र में पछेती बुवाई और धान के बाद खाली खेतों में लगाने के लिए विकसित किया गया है.
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और बुंदेलखंड क्षेत्र के किसानों के लिए IPC 2005-62 किस्म एक अच्छा विकल्प हो सकती है. इसे सिंचित और पछेती बुवाई की स्थिति के अनुकूल बताया गया है. इसकी फसल लगभग 120 से 125 दिनों में पकती है और संभावित उपज 18 से 20 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है. इसके दाने भूरे रंग के और छोटे आकार के होते हैं. इसमें उकठा रोग के प्रति प्रतिरोधक क्षमता और प्रोटीन की मात्रा 26 फीसदी से अधिक बताई गई है.
हरियाणा चना-7 (हाईकोर्ट-7) किस्म पछेती और सिंचित खेती के लिए उपयुक्त है. उत्तर-पश्चिमी मैदानी क्षेत्र में इसकी सिफारिश की गई है, जिसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश भी शामिल है. इसकी फसल लगभग 127 से 130 दिनों में तैयार होती है और संभावित उपज 24 से 25 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है. इसकी खासियत यह है कि यह चने की फसल को नुकसान पहुंचाने वाले फली छेदक कीट के प्रति सहनशील है.
चना की पछेती उम्दा किस्मों में IPC 2007-28 (अटल) भी शामिल है. उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में पछेती चना बुवाई के लिए यह किस्म उपयोगी विकल्प है. इसे सिंचित और देर से बुवाई की परिस्थितियों के लिए जारी किया गया है. इसकी फसल लगभग 115 से 125 दिनों में पककर तैयार होती है और संभावित उपज 20 से 22 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है. इस किस्म की प्रमुख विशेषता उकठा रोग के प्रति उच्च प्रतिरोधक क्षमता है। साथ ही यह जड़ सड़न और कॉलर रॉट रोग के प्रति भी सहनशील है.
आईसीएआर के दलहन अनुसंधान संस्थान के कृषि सलाह में कहा गया है कि किसान पछेती बुवाई में खेत की अच्छी जुताई करके मिट्टी को भुरभुरा बना लें और जल निकास की उचित व्यवस्था रखें. बुवाई के लिए अपने क्षेत्र के अनुसार अनुशंसित किस्म का प्रमाणित बीज लें. देर से बुवाई में सामान्य से कुछ अधिक बीज की जरूरत पड़ सकती है. छोटी दाने वाली किस्मों में लगभग 30 सेंटीमीटर और बड़े दाने वाली किस्मों में 45 सेंटीमीटर कतार की दूरी रखी जा सकती है. पौधों के बीच करीब 10 सेंटीमीटर दूरी रखें और बीज को 8 से 10 सेंटीमीटर गहराई पर बोएं.
बुवाई से पहले बीज का फफूंदनाशक से उपचार करें और इसके बाद राइजोबियम कल्चर लगाएं. मिट्टी की जांच के आधार पर खाद और उर्वरक डालें. सामान्य तौर पर दलहनी फसलों के लिए बुवाई के समय 20 किलो नाइट्रोजन, 40 किलो फास्फोरस और 20 किलो पोटाश प्रति हेक्टेयर की अनुशंसा की जाती है. फूल आने के समय सिंचाई से बचें, जबकि बारिश न होने पर फलियां बनने के दौरान हल्की सिंचाई लाभकारी हो सकती है.