एग्रीवेट: Diwali Bonus 2026: दिवाली का त्योहार नजदीक है और इसी बीच चीनी मिलों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. त्योहार से पहले तमिलनाडु सरकार ने सहकारी और सरकारी चीनी मिलों में काम करने वाले कर्मचारियों को बोनस और अतिरिक्त पैसे देने का ऐलान किया है. इससे हजारों कर्मचारियों को त्योहार की खरीदारी और घर के दूसरे खर्चों में मदद मिलेगी. सरकार के इस फैसले से राज्य की 18 चीनी मिलों में काम करने वाले करीब 5,190 कर्मचारियों को फायदा होगा. इस पूरी योजना पर सरकार 3.51 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च करेगी.
सरकार का कहना है कि, इस फैसले का मकसद कर्मचारियों को दिवाली खुशी से मनाने का मौका देना है. इसके तहत वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बोनस और अतिरिक्त भुगतान दिया जाएगा. खास बात यह है कि, कुछ चीनी मिलों के कर्मचारियों को 20 फीसदी तक बोनस मिलेगा, जबकि बाकी मिलों के कर्मचारियों के लिए 10 फीसदी बोनस तय किया गया है.
रबी बुवाई से पहले किसानों के लिए बड़ा अपडेट, खाद-बीज को लेकर शिवराज सिंह का सख्त निर्देश—पढ़ें इनसाइड स्टोरी – एग्रीवेट
तमिलनाडु में फिलहाल कुल 18 चीनी मिलें चल रही हैं. इनमें 16 सहकारी चीनी मिलें और 2 सरकारी क्षेत्र की चीनी मिलें शामिल हैं. सरकार के नए फैसले के तहत इन सभी मिलों में काम करने वाले कर्मचारियों और मजदूरों को बोनस दिया जाएगा. इस फैसले से करीब 5,190 कर्मचारी लाभान्वित होंगे. यानी मिलों में काम करने वाले हजारों लोगों के लिए त्योहार से पहले अतिरिक्त कमाई का इंतजाम किया गया है. इससे उन्हें दीपावली के दौरान घर के जरूरी सामान, कपड़े और दूसरी जरूरतों को पूरा करने में कुछ राहत मिल सकती है.
सरकार ने बोनस की रकम तय करते समय चीनी मिलों की आर्थिक स्थिति को भी ध्यान में रखा है. राज्य की दो सहकारी चीनी मिलों सुब्रमणिया शिवा और कल्लाकुरिची-II के पास बोनस बांटने के लिए तय नियमों के मुताबिक अतिरिक्त बचत मौजूद है. इसी वजह से इन दोनों मिलों के कर्मचारियों को अधिकतम 20 फीसदी बोनस देने का फैसला किया गया है.
वहीं, राज्य की बाकी 14 सहकारी और 2 सरकारी चीनी मिलों के कर्मचारियों को कुल 10 फीसदी बोनस दिया जाएगा. इसमें 8.33 फीसदी कानूनी बोनस और 1.67 फीसदी अतिरिक्त भुगतान शामिल है. इस तरह इन मिलों के कर्मचारियों को भी दीपावली से पहले कुछ अतिरिक्त पैसे मिलेंगे.
इस फैसले को लागू करने के लिए तमिलनाडु सरकार कुल 351.40 लाख रुपये खर्च करेगी. यानी करीब 3.51 करोड़ रुपये की रकम कर्मचारियों को बोनस और अतिरिक्त भुगतान के रूप में दी जाएगी.