एग्रीवेट: Food Inflation: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को जरूरी सामान की कीमतों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि व्यापारी अल नीनो का हवाला देकर सामान के दाम बेवजह न बढ़ाएं. इसके लिए अधिकारियों को प्रभावी कदम उठाने चाहिए. मुख्यमंत्री ने रियल टाइम गवर्नेंस सोसाइटी में समीक्षा बैठक की. इस दौरान उन्होंने चावल, अरहर दाल, प्याज, खाद्य तेल और चीनी जैसी जरूरी वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रण में रखने पर जोर दिया. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इन सामानों के दाम में अनुचित बढ़ोतरी रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं.
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रैतु बाजारों के जरिए सरकार की ओर से बेचे जा रहे चावल की व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि दिवाली और संक्रांति जैसे त्योहारों के दौरान लोगों को सस्ती कीमत पर अच्छी गुणवत्ता वाला चावल उपलब्ध कराने की संभावना तलाशी जाए. उन्होंने प्याज की सप्लाई बढ़ाने के भी निर्देश दिए, ताकि लोगों को इसकी कमी या ज्यादा कीमतों के कारण परेशानी न हो.
नायडू ने आंध्र प्रदेश में बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाने पर जोर दिया. इसके साथ ही, उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का काम तेज करने और योजना को बेहतर तरीके से लागू करने के निर्देश दिए.
नायडू ने अधिकारियों को रेत की सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी रखने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि सरकारी कामकाज में तकनीक का अधिक से अधिक इस्तेमाल किया जाए. साथ ही, योजनाओं को लागू करने में आ रही कमियों की समय पर पहचान कर उन्हें दूर किया जाए. मुख्यमंत्री ने अलग-अलग सरकारी विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर भी जोर दिया, ताकि योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके. बैठक में मुख्य सचिव साई प्रसाद और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.