घट सकता है चीनी उत्पादन, 2.65 करोड़ टन प्रोडक्शन की उम्मीद.. पिछले सीजन से कम रहेगा आंकड़ा – एग्रीवेट

Team Agrivate
8 Min Read

एग्रीवेट: देश में इस साल चीनी का उत्पादन पिछले सीजन के मुकाबले कम रहने का अनुमान है. इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) के मुताबिक, चीनी सीजन 2026-27 में उत्पादन घटकर 2.65 करोड़ टन रह सकता है. पिछले सीजन में 2.797 करोड़ टन चीनी का उत्पादन हुआ था. वहीं, सरकार ने इस सीजन में 2.75 करोड़ से 2.85 करोड़ टन उत्पादन का अनुमान लगाया है. ISMA के मुताबिक, यह अनुमान जुलाई से नवंबर तक की सैटेलाइट तस्वीरों, खेतों के सर्वे, चीनी मिलों और किसानों से मिली जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है. इसमें बारिश का पैटर्न, फसल की स्थिति, सिंचाई की उपलब्धता, गन्ने की पैदावार और चीनी की रिकवरी जैसे पहलुओं को भी शामिल किया गया है.

एसोसिएशन के अनुसार, चालू सीजन में गन्ने की खेती का कुल रकबा 55.5 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है. पिछले सीजन में यह 57.4 लाख हेक्टेयर था. यानी इस बार गन्ने का रकबा करीब 3.2 फीसदी कम हो सकता है. ISMA के इस अनुमान से सरकार को चीनी आयात  पर फैसला लेने में मदद मिल सकती है. सरकार खाद्य प्रसंस्करण कंपनियों जैसे बड़े उपभोक्ताओं को परमिट के जरिए सीधे रिफाइंड चीनी आयात करने की अनुमति देने पर विचार कर रही है. अगर इसकी मंजूरी मिलती है, तो घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने और कीमतों पर दबाव कम करने में मदद मिल सकती है.

केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने 23 नवंबर को खाद्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर देश में चीनी की उपलब्धता और आपूर्ति की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने घरेलू चीनी उत्पादन, उपलब्ध स्टॉक, खपत और आयात की स्थिति का जायजा लिया. इसके अलावा, चीनी क्षेत्र से जुड़े मौजूदा हालात, बड़े उपभोक्ताओं के लिए स्टॉक रखने की सीमा और उनके जरिए रिफाइंड चीनी के आयात के मुद्दे पर भी चर्चा की. निजी चीनी मिलों के संगठन के मुताबिक, इस सीजन में प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में मौसम का मिजाज अलग-अलग रहा है. अल नीनो के कारण जलवायु में बदलाव और बेमौसम बारिश का असर गन्ने की फसल पर पड़ा है. कुछ इलाकों में कम बारिश के कारण सूखे जैसे हालात और नमी की कमी है. वहीं, कुछ क्षेत्रों में ज्यादा बारिश, जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है. इससे अलग-अलग इलाकों में गन्ने की फसल का विकास प्रभावित हो रहा है.

उत्तर प्रदेश में इस सीजन गन्ने की खेती का रकबा पिछले साल के बराबर 22.6 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है. यहां चीनी उत्पादन 89 लाख टन रह सकता है. वहीं, महाराष्ट्र में चीनी उत्पादन घटकर 86.9 लाख टन रहने का अनुमान है. पिछले सीजन में राज्य में 99.2 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था. इसकी मुख्य वजह कम बारिश और गन्ने की खेती के रकबे में कमी है. महाराष्ट्र में गन्ने का रकबा 14.7 लाख हेक्टेयर से घटकर 13.3 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है. इसी तरह, कर्नाटक में भी गन्ने की खेती का रकबा 6.8 लाख हेक्टेयर से घटकर 6.3 लाख हेक्टेयर रह सकता है. इसके चलते राज्य में चीनी उत्पादन पिछले सीजन के 49.5 लाख टन के मुकाबले घटकर 46.2 लाख टन रहने का अनुमान है.

ISMA के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने बिजनेसलाइन से कहा कि महाराष्ट्र, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में गन्ने की उपलब्धता कम रहने की आशंका के कारण चीनी उत्पादन घटने का अनुमान है. कुछ इलाकों में असमान बारिश, लंबे समय तक सूखा रहने और फसलों के गिरने से भी उत्पादन प्रभावित हुआ है. उन्होंने बताया कि संगठन फसलों की स्थिति और चीनी मिलों में गन्ने की पेराई पर लगातार नजर रखेगा. जनवरी 2027 में उत्पादन के अनुमान की दोबारा समीक्षा की जाएगी.

सरकार के मुताबिक, चीनी सीजन 2025-26 (अक्टूबर-सितंबर) में देश का शुद्ध चीनी उत्पादन  2.795 करोड़ टन रहा. इसमें से 30.5 लाख टन चीनी इथेनॉल बनाने के लिए इस्तेमाल की गई थी. सरकार ने 8.5 लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति भी दी थी. इसके चलते 30 सितंबर 2026 तक देश में चीनी का बचा हुआ स्टॉक घटकर 35.5 लाख टन रह गया, जबकि एक साल पहले यह 50 लाख टन था.

सरकार ने 30 सितंबर 2027 तक चीनी का स्टॉक कितना रहेगा, इसका अनुमान लगाया है. हालांकि, ISMA ने फिलहाल इस बारे में अपना अनुमान जारी नहीं किया है. आशंका है कि स्टॉक घटकर 20 लाख टन तक रह सकता है. देश में हर साल करीब 2.9 करोड़ टन चीनी की खपत होती है. ऐसे में घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए आयात ही एक विकल्प हो सकता है.

Share This Article