एग्रीवेट: रिलायंस रिटेल और ब्लिंकिट के खाद्य सामग्री भंडारण केंद्र में भारी अनियमितता और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर लाइसेंस निरस्त किए गए हैं. वेयरहाउस में गंदगी मिलने, खाद्य उत्पादों जैसे नमक, सूजी खुले में रखे पाए गए और एक्सपायर्ड उत्पादों के निपटारे के दस्तावेज नहीं मिले . वहीं, भंडारण केंद्रों में चूहे और कॉकरोच घूमते मिले, जबकि कर्मचारी परिसर में थूकते पाये गए. नियमों के उल्लघन को लेकर महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने कार्रवाई की है.
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने रविवार को लगातार दूसरे दिन रिलायंस रिटेल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुणे जिले के चाकण स्थित उसके वेयरहाउस और निगोजे स्थित ब्लिंकिट से जुड़ी एक इकाई के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं. पीटीआई के अनुसार एफडीए ने एक बयान में कहा कि जांच के दौरान चूहों और कॉकरोच का प्रकोप, अनुचित भंडारण और समय-सीमा समाप्त हो चुके खाद्य उत्पादों के निस्तारण का रिकॉर्ड न रखने सहित कई खाद्य सुरक्षा उल्लंघन पाए गए.
नियामक ने 14 अक्टूबर को पुणे के खेड़ तालुका स्थित चाकण में रिलायंस रिटेल लिमिटेड के वेयरहाउस का निरीक्षण किया था. जांच में पाया गया कि यह प्रतिष्ठान एक्सपायर्ड और खराब हो चुके खाद्य उत्पादों के निस्तारण या उन्हें नष्ट करने से संबंधित संतोषजनक रिकॉर्ड प्रस्तुत करने में विफल रहा.
इसके अलावा, एफडीए ने 14 अक्टूबर को खेड़ तालुका के निगोजे में ब्लिंकिट से जुड़ी कंपनी मैसर्स लिंकिट कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम का भी निरीक्षण किया. एफडीए ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कोल्ड-रूम का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक पाया गया और कोल्ड चेन के रख-रखाव से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे.
बयान के अनुसार कच्ची और पक्की खाद्य सामग्री को एक साथ रखा गया था, जबकि 50 किलोग्राम टाटा नमक और 60 किलोग्राम सूजी सीधे फर्श पर रखी पाई गई. कई पैकेटों से रिसाव हो रहा था और कॉकरोच का प्रकोप भी देखा गया. एफडीए ने 15 अक्टूबर को इस इकाई का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया और दक्षिण महालुंगे एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कराई गई.