अकवान तूफान से फसलें बर्बाद! 5.73 लाख किसानों को मिलेगा मुआवजा, मुफ्त बीज भी बांटेगी सरकार – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: Cyclone Akvan Crop Damage: पश्चिम बंगाल के किसानों के लिए राहत की खबर है. चक्रवाती तूफान अकवान के बाद हुई भारी बारिश और खेतों में पानी भरने से जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई है, उन्हें राज्य सरकार मुआवजा देने जा रही है. सरकार ने इसके लिए 205 करोड़ रुपये की राहत राशि मंजूर की है. इससे करीब 5.73 लाख किसानों को फायदा मिलेगा. मुआवजे का पैसा सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजा जाएगा. ऐसे में अगर आपकी फसल भी बारिश और जलभराव की वजह से खराब हुई है, तो जान लीजिए सरकार ने किस किसान के लिए कितनी मदद तय की है.

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में बारिश की वजह से खेती और बागवानी को करीब 1,261 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. करीब 1.6 लाख हेक्टेयर खेती की जमीन पर इसका असर पड़ा है. इसमें सबसे ज्यादा नुकसान धान की फसल को हुआ है. अकेले 1.31 लाख हेक्टेयर में धान की फसल प्रभावित हुई है.

सरकार ने फसल और खेत की स्थिति के हिसाब से मुआवजे की रकम तय की है.

सरकार ने जलभराव वाले खेतों से पानी निकालने के लिए 48 घंटे का विशेष अभियान चलाने का फैसला किया है. इसके लिए पंप सेट लगाए जाएंगे और मनरेगा के तहत मजदूरों की मदद ली जाएगी. इस काम का खर्च भी सरकार उठाएगी, ताकि पानी में फंसी धान की फसल को बचाया जा सके.

इसके अलावा दोबारा खेती शुरू करने में किसानों की मदद के लिए 5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके तहत 48,000 किसानों को मुफ्त बीज दिए जाएंगे. इनमें 29,000 किसानों को धान, तिल, मूंगफली और मूंग के बीज मिलेंगे. वहीं, 19,000 किसानों को गर्मी के मौसम में उगाई जाने वाली सब्जियों के बीज की किट दी जाएगी.

सरकार ने पूर्व मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना और हावड़ा के करीब 9,240 पान किसानों के लिए 2.31 करोड़ रुपये की सहायता मंजूर की है. वहीं, मालदा जिले में तूफान और ओलावृष्टि से प्रभावित गाजोल, हबीबपुर और बामनगोला के 19,000 किसानों को 8.12 करोड़ रुपये दिए जाएंगे.

इसके साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खास शिविर लगाए जाएंगे. इन शिविरों में फसल नुकसान का आकलन किया जाएगा और किसानों के बीमा दावों को जल्द पूरा करने की कोशिश होगी.

Share This Article