एग्रीवेट: महाराष्ट्र के दो प्रमुख फल उत्पादक जिलों सोलापुर और जलगांव में सूखे के कारण किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. पानी की कमी से अगले साल सोलापुर में अनार का उत्पादन करीब 50 फीसदी और जलगांव में केले की पैदावार 40 फीसदी से ज्यादा घटने का अनुमान है. इससे किसानों की आमदनी पर असर पड़ सकता है. इस बीच, राज्य सरकार प्रभावित बागों को बचाने के लिए जल्द ही राहत उपायों का ऐलान कर सकती है.
वहीं, बागवानी विभाग ने किसानों के लिए सलाह जारी की है. इसमें कहा गया है कि फल देने वाले पौधों को बचाने के लिए उन्हें जरूरत के मुताबिक पानी देते रहना चाहिए. अगर पौधे सूखकर मर गए तो किसानों को नए पौधे लगाने में काफी खर्च करना पड़ेगा. साथ ही, नए पौधों से फल मिलने तक लंबा इंतजार करना होगा. विभाग ने पानी की जरूरत कम करने के लिए पेड़ों की अनावश्यक शाखाओं और पत्तियों की छंटाई करने की भी सलाह दी है.
NCR प्रदूषण पर CAQM की रिपोर्ट, पराली प्रबंधन में पंजाब-हरियाणा फेल.. मशीनों के बावजूद लक्ष्य अधूरे – एग्रीवेट
सोलापुर जिले के कृषि अधिकारी एस. भोसले के मुताबिक, पानी की कमी के कारण अनार का उत्पादन करीब 50 फीसदी घट सकता है. बड़ी संख्या में किसान पानी की कमी के चलते अनार के बागों को बचा नहीं पा रहे हैं. उन्होंने हिन्दुस्तान टाइम्स से कहा कि उजनी बांध के आसपास के बागों पर पानी की उपलब्धता के कारण सूखे का असर कम पड़ा है. लेकिन जिले के दूसरे इलाकों में किसानों की हालत खराब है. पानी की कमी से अनार के फलों का विकास रुक गया है. इससे उनकी गुणवत्ता और बाजार कीमत पर असर पड़ रहा है. निर्यात भी बुरी तरह प्रभावित हो सकता है.
अनार निर्यातक शंकर राउत ने कहा कि यूरोपीय संघ (EU) के देशों में अनार भेजना मुश्किल हो सकता है. वहां के आयातक गुणवत्ता के कड़े मानकों पर खरा नहीं उतरने वाले फलों को स्वीकार नहीं करेंगे. ऐसे में निर्यातक अनार को मध्य पूर्व के देशों के बाजारों में भेजने की कोशिश करेंगे. सोलापुर जिले के सांगोला तालुका के मानेगांव गांव के किसान मानसिंह बाबर ने कहा कि इस साल अप्रैल में वह अपने 15 एकड़ के अनार के बाग में से सिर्फ 2 एकड़ की फसल ही काट पाए. बाकी 13 एकड़ में पानी की कमी के कारण फल पूरी तरह विकसित नहीं हो सके. उन्होंने कहा कि अब उनकी चिंता फल की कटाई से ज्यादा पौधों को सूखने से बचाने की है. कई किसान अपने बागों को बचाने के लिए पानी के टैंकर मंगवा रहे हैं.
पश्चिमी महाराष्ट्र का सोलापुर राज्य में अनार उत्पादन का सबसे बड़ा जिला है. यहां 32 हजार हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र में हर साल करीब 2.25 लाख मीट्रिक टन अनार का उत्पादन होता है. कुल उत्पादन का 5 फीसदी से ज्यादा हिस्सा निर्यात किया जाता है. वहीं, घरेलू बाजार में भी सोलापुर के अनार की अच्छी मांग है. यहां सालभर अनार की खेती होती है और अप्रैल, सितंबर व दिसंबर में फसल की कटाई की जाती है. अनार की फसल को तैयार होने में करीब सात महीने लगते हैं.
इसी तरह का संकट महाराष्ट्र के जलगांव जिले में भी देखने को मिल रहा है. जलगांव को महाराष्ट्र की केला राजधानी के नाम से जाना जाता है. जलगांव क्षेत्रीय कार्यालय के कृषि उप निदेशक भारत इंगले ने बताया कि पानी की कमी के कारण केले की खेती का रकबा घट सकता है. उन्होंने कहा कि रावेर तालुका में तापी नदी के किनारे होने के कारण पानी की उपलब्धता अपेक्षाकृत बेहतर है. कृषि विभाग किसानों के संपर्क में है और उनकी समस्याओं को दूर करने की कोशिश कर रहा है.