3 हजार एकड़ में अफीम उगाते पकड़े गए 467 आरोपी, नहीं थम रहा मादक पौधों की अवैध खेती का सिलसिला – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: गांजा और अफीम की खेती प्रतिबंधित है. इसके लिए लाइसेंसिंग और खास अनुमति के साथ ही सरकारी निगरानी की जाती है. लेकिन, मादक पदार्थ तस्कर अवैध तरीके से इसकी खेती कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश में बड़ी संख्या में गांजा की खेती पकड़ी जा चुकी है. अब मणिपुर में 3 हजार एकड़ में अवैध तरीके से अफीम की खेती किए जाने का मामला पकड़ा है. अलग-अलग जगहों पर अफीम की खेती करते पकड़े गए 467 लोगों पर कार्रवाई की गई है.

मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने कहा कि पिछले एक साल में राज्य में लगभग 3,000 एकड़ जमीन पर अफीम की अवैध खेती नष्ट कर दी गई और मादक पदार्थों की तस्करी के संदेह में 467 लोगों को गिरफ्तार किया गया. ‘फर्स्ट मणिपुर राइफल्स ग्राउंड’ में मणिपुर पुलिस के 135वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि राज्य सरकार अफीम की अवैध खेती और मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस और अन्य एजेंसियां ​​स्थिति पर कड़ी नजर रख रही हैं और पूरे राज्य में मादक पदार्थ नेटवर्कों की पहचान करने, उनका पता लगाने और उन्हें खत्म करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने सुरक्षा बलों के साथ मिलकर शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए ठोस प्रयास किए हैं. उन्होंने कहा कि इन निरंतर प्रयासों से लोगों को स्वेच्छा से हथियार सौंपने के लिए भी प्रोत्साहन मिला है.

आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले में मक्के के विशाल खेत के बीच दो एकड़ क्षेत्र में छिपाकर की जा रही गांजे की अवैध खेती का बीते सप्ताह खुलासा होने के बाद छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि आसूचना शाखा को गुप्त सूचना मिलने के बाद 15 अक्टूबर को दत्तलूर मंडल में दत्तलूर गांव के दक्षिण और राष्ट्रीय राजमार्ग-565 के पश्चिम में गांजे की खेती का पता चला.

मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले में पुलिस ने कपास की फसल की आड़ में गांजे की अवैध खेती का बृहस्पतिवार को खुलासा करते हुए इस नशीले पदार्थ के करीब 100 क्विंटल पौधे जब्त किए. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी के मुताबिक गांजे के पौधों की जब्त खेप की कीमत 9.42 करोड़ रुपये आंकी गई है.

Share This Article