दीवाली से पहले यूपी की 1.89 करोड़ महिलाओं को 1500 करोड़ भेजे, किसानों को राहत पैकेज देगी योगी सरकार – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी का बड़ा उपहार दिया है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जल्द ही प्रदेश के अन्नदाता किसानों के फसल नुकसान की भरपाई और महिलाओ के आर्थिक स्वावलंबन के लिए बड़ा पैकेज लाएगी.

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 1500 करोड़ रुपये की धनराशि बटन दबाकर सीधे पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की. उन्होंने स्पष्ट किया कि एक भरे हुए सिलेंडर की कीमत 983.45 रुपये होती है, जिसमें भारत सरकार 335.40 रुपये की सब्सिडी देती है, जो 648.55 रुपये लाभार्थियों को खुद खर्च करने पड़ते थे, वह धनराशि राज्य सरकार ने दीपावली के उपहार स्वरूप सीधे गैस कंपनियों को भेज दी है. अब लाभार्थी मुफ्त में सिलेंडर प्राप्त कर 650 रुपये की इस बचत से दीपावली की मिठाई और दीये खरीद सकेंगे.

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों और महिलाओं के लिए बड़ी घोषणाएं करते हुए कहा कि अल नीनो, जलवायु परिवर्तन, अतिवृष्टि, अनावृष्टि और ओलावृष्टि से किसानों की खड़ी फसल को भारी नुकसान हुआ है. नुकसान का तात्कालिक मुआवजा दिया जा रहा है, लेकिन सरकार प्रदेश के तीन करोड़ किसान परिवारों के लिए जल्द ही एक अलग विशेष आर्थिक पैकेज लेकर आएगी. इसके साथ ही, आधी आबादी को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए भी सरकार एक बड़ा पैकेज ला रही है, जिससे महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी हो सकें और बच्चों को अच्छी शिक्षा देकर परिवार का संबल बन सकें.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर वर्ग को खुशहाल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. इसी दिशा में अब प्रदेश की मंडी समितियों और श्रमिक अड्डों पर ‘अन्नपूर्णा भोजनालय’ शुरू किए जाएंगे. इससे दूर-दराज से अपनी उपज लेकर मंडी आने वाले किसानों और निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों को टोकन मनी पर ससम्मान भरपेट भोजन मिल सकेगा. उन्होंने बताया कि बीओसी बोर्ड के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों के लिए विश्वस्तरीय ‘अटल आवासीय विद्यालय’ पहले ही स्थापित किए जा चुके हैं, जहां उन्हें निशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, रसोइयों, गांव के चौकीदारों और पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि की है. उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को बढ़ाकर राशन की दुकानों को मॉडल शॉप ‘अन्नपूर्णा भवन’ के रूप में विकसित किया जा रहा है. लखपति दीदी और बीसी सखी जैसे कार्यक्रम प्रदेश में सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं और आधी आबादी को स्वावलंबी बना रहे हैं.

Share This Article