भारत का बीज निर्यात 3 हजार करोड़ रुपये के पार, दुनिया के बाजार में 10 फीसदी हिस्सेदारी बनाने का लक्ष्य! – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: Seed Export 2025-26: खेती में अच्छी पैदावार के लिए सबसे जरूरी चीज अच्छा बीज है. बीज अच्छा होगा, तो फसल का अंकुरण बेहतर होगा और पौधे भी मजबूत बनेंगे. यही वजह है कि भारत में बीज का कारोबार तेजी से आगे बढ़ रहा है. अब भारतीय बीजों की मांग विदेशों में भी बढ़ रही है. कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का कुल बीज निर्यात 3 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है. यह पिछले साल के मुकाबले करीब 30 प्रतिशत ज्यादा है. साल 2024-25 में देश से करीब 2 हजार करोड़ रुपये के बीजों का निर्यात हुआ था.

इस बढ़ते कारोबार को देखते हुए भारत अब दुनिया के बीज बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की तैयारी कर रहा है. हालांकि, इसका फायदा किसानों तक पहुंचाने के लिए बीजों की अच्छी क्वालिटी और नई किस्मों पर भी काम करना होगा.

बीज उद्योग महासंघ (FSII) के अध्यक्ष अजय राणा के मुताबिक, दुनिया में बिकने वाले कुल बीजों में भारत की हिस्सेदारी अभी 2 फीसदी से भी कम है. अब इसे बढ़ाकर 10 फीसदी करने का लक्ष्य है. इसके लिए सिर्फ ज्यादा बीज तैयार करना काफी नहीं होगा, बल्कि उनकी क्वालिटी भी अच्छी करनी होगी. साथ ही, नई किस्मों के बीज तैयार करने और उन्हें बीमारियों से बचाने पर भी काम करना होगा.

दरअसल, दूसरे देशों में बीज बेचने के लिए वहां के नियमों का पालन करना पड़ता है. बीजों में कोई बीमारी या नुकसान पहुंचाने वाले कीड़े नहीं होने चाहिए. इसके लिए बीजों की अच्छी तरह जांच करना और उन्हें बीमारी से बचाने के लिए सही तरीके से तैयार करना जरूरी है.

बीज उपचार का मतलब है बुवाई से पहले बीज को इस तरह तैयार करना, जिससे वह मिट्टी में मौजूद बीमारियों और कीड़ों से बच सके. इससे बीज का अंकुरण अच्छा होता है और शुरुआत में पौधे भी स्वस्थ रहते हैं. इस काम को बढ़ावा देने के लिए देश में पांच खास केंद्र बनाने का प्रस्ताव है. यहां बीजों की जांच होगी, नई तकनीकों पर काम किया जाएगा और रिसर्च की जाएगी. साथ ही, किसानों और बीज कारोबार से जुड़े लोगों को बीजों की जांच और उपचार करने की ट्रेनिंग भी दी जाएगी.

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पूर्व महानिदेशक डॉ. त्रिलोचन मोहपात्रा ने बीजों पर रिसर्च और नई किस्में तैयार करने में निवेश बढ़ाने की जरूरत बताई है. उन्होंने आणविक प्रजनन और जीनोमिक चयन जैसी तकनीकों पर जोर दिया. इन तकनीकों की मदद से वैज्ञानिक पौधों के गुणों को पहचानकर ऐसी किस्में तैयार कर सकते हैं, जिनमें ज्यादा पैदावार, बेहतर पोषण और दूसरी उपयोगी खूबियां हों.

बीज निर्यात बढ़ने का फायदा किसानों को तभी मिलेगा, जब देश में अच्छी क्वालिटी के बीजों का उत्पादन भी बढ़ेगा. इससे किसानों को नई और बेहतर किस्में मिलने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं. ऐसी किस्में तैयार करने पर भी जोर देना होगा, जो भारतीय मिट्टी, मौसम और खेती की जरूरतों के हिसाब से सही हों. यानी भारत का बीज कारोबार विदेशों में जितना बढ़ेगा, उतना ही जरूरी होगा कि घरेलू किसानों को भी अच्छी क्वालिटी के बीज सही कीमत पर मिलें. इससे खेती की लागत और पैदावार, दोनों को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है.

Share This Article