एग्रीवेट: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में प्रदूषण रोकने के लिए किए जा रहे वादों और उन पर अमल के बीच बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है. पंजाब और हरियाणा में धान की पराली के सही इस्तेमाल के लक्ष्य पूरे नहीं हो पा रहे हैं. वहीं, दूसरे राज्य भी शहरी कचरे के प्रबंधन और परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने में पीछे हैं. वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की ओर से रविवार को जारी प्रदर्शन रिपोर्ट में इन कमियों को उजागर किया गया है. इससे पहले केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने पंजाब में पराली प्रबंधन से जुड़ी मशीनों का बेहतर इस्तेमाल करने और नियमों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए थे.
द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, CAQM ने 22 अक्टूबर को हुई समीक्षा में पाया था कि पंजाब में पराली प्रबंधन की मशीनों का सही इस्तेमाल नहीं हो रहा है. इसके अलावा पराली के परिवहन और जिला स्तर पर निगरानी में भी कमी है. आयोग ने चेतावनी दी थी कि प्रशासन की लापरवाही के कारण पराली जलाने के मामले बढ़े तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा. वहीं, 12 नवंबर को केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने पराली जलाने के मामले 5,500 के पार पहुंचने के बाद CAQM के अधिकारियों को पंजाब का दौरा करने का निर्देश दिया था.
Tip Of The Day: सर्दियों में टमाटर की खेती बनेगी कमाई का जरिया, जानें रोपाई से तुड़ाई का बेस्ट तरीका – एग्रीवेट
रिपोर्ट में 31 अक्टूबर तक 2026 की राज्य कार्य योजनाओं (State Action Plans) के तहत हुई प्रगति का आकलन किया गया है. इसमें दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में प्रदूषण नियंत्रण के उपायों पर अमल की स्थिति का जिक्र है. रिपोर्ट के मुताबिक, इन राज्यों में काम की रफ्तार एक जैसी नहीं है और प्रदूषण रोकने से जुड़े कई अहम कदम अब भी अपने सालाना लक्ष्यों से काफी पीछे हैं.
धान की पराली के प्रबंधन के मामले में हरियाणा और पंजाब का प्रदर्शन असंतोषजनक पाया गया है. दोनों राज्य पराली से पेलेट और ब्रिकेट बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में पीछे रहे हैं. हरियाणा अपने 19.66 लाख टन के लक्ष्य का केवल 35 फीसदी ही हासिल कर पाया. वहीं, पंजाब ने 22.02 लाख टन के लक्ष्य का 53 फीसदी पूरा किया. हालांकि, फसल अवशेष प्रबंधन (CRM) मशीनों की उपलब्धता के मामले में हरियाणा ने बेहतर प्रदर्शन किया है. राज्य में 9,000 मशीनों के लक्ष्य के मुकाबले 13,700 चालू मशीनें उपलब्ध हैं. वहीं, पंजाब में 22,500 मशीनों के लक्ष्य के मुकाबले 19,890 मशीनें हैं. इस तरह पंजाब ने अपने लक्ष्य का 88 फीसदी हासिल किया है. दूसरी ओर, राजस्थान और उत्तर प्रदेश ने CRM मशीनों की उपलब्धता के अपने लक्ष्य पूरे कर लिए हैं.
पंजाब में पराली प्रबंधन के लिए मशीनों की उपलब्धता के बावजूद कई स्तरों पर काम अधूरा है. राज्य में 632 कस्टम हायरिंग सेंटर बनाने का लक्ष्य था, लेकिन केवल 378 सेंटर ही बन पाए. इसी तरह, 72 पराली प्रसंस्करण प्लांट के लक्ष्य के मुकाबले सिर्फ 44 प्लांट स्थापित किए गए हैं. वहीं, पराली की गांठों (बेल) को रखने के लिए 1,016.76 हेक्टेयर जगह की जरूरत थी, लेकिन अभी केवल 860.5 हेक्टेयर में भंडारण की व्यवस्था हो पाई है.
रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब ने फसल अवशेष प्रबंधन (CRM) मशीनों की उपलब्धता का 88 फीसदी लक्ष्य हासिल किया है. इसके बावजूद पराली से पेलेट बनाने का लक्ष्य केवल 53 फीसदी पूरा हुआ. वहीं, खेतों से बाहर ले जाकर पराली के इस्तेमाल (Ex-situ) का लक्ष्य 70 फीसदी ही हासिल हो पाया. अक्टूबर में CAQM की टीम ने संगरूर, पटियाला और मालेरकोटला का दौरा किया था. इस दौरान टीम ने किसानों को पराली प्रबंधन में आ रही परेशानियों को देखा. साथ ही, तरनतारन में पराली जलाने की घटनाएं जारी रहने पर भी चिंता जताई. आंकड़ों से साफ है कि खेतों में पराली प्रबंधन की मशीनें उपलब्ध होने के बावजूद उनका पूरा फायदा नहीं मिल रहा है. खेतों से बाहर पराली के इस्तेमाल का लक्ष्य पंजाब में 70 फीसदी और हरियाणा में केवल 57 फीसदी ही पूरा हुआ है.