कर्नाटक में सूखे से हाहाकार, केंद्र से मांगे 22,400 करोड़ रुपये.. 226 तालुकों में फसलें बर्बाद – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: Karnataka Drought: कर्नाटक में सूखे ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. राज्य के 226 तालुकों में सूखे की स्थिति है और लाखों हेक्टेयर में खड़ी फसलें बर्बाद हो चुकी हैं. हालात इतने खराब हैं कि किसानों के सामने अब घर का खर्च चलाने, खेती के लिए लिया गया कर्ज चुकाने और अगली फसल की तैयारी करने तक का संकट खड़ा हो गया है. राज्य सरकार के मुताबिक, सूखे से अब तक 62,481 करोड़ रुपये से ज्यादा का आर्थिक नुकसान हुआ है. इस बीच कर्नाटक सरकार ने केंद्र से एक बार फिर बड़ी आर्थिक मदद की मांग की है.

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने सोमवार, 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को अलग-अलग पत्र लिखे हैं. उन्होंने राज्य में सूखे के हालात को देखते हुए जल्द से जल्द 22,400.58 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता जारी करने की अपील की है.

परमेश्वर ने कहा कि राज्य सरकार पहले भी 2 नवंबर को केंद्र के सामने अपनी मांग रख चुकी है, लेकिन अब तक इस पर जरूरी कदम नहीं उठाए गए हैं. उन्होंने तीनों नेताओं से मिलने का समय भी मांगा है, ताकि किसानों की परेशानी और राज्य को हुए नुकसान के बारे में विस्तार से बताया जा सके.

राज्य सरकार के मुताबिक, कर्नाटक के 226 तालुकों में सूखे का असर देखने को मिला है. इससे करीब 57.93 लाख हेक्टेयर में फसलों को नुकसान पहुंचा है. खेती को हुए नुकसान और दूसरे आर्थिक प्रभावों को मिलाकर कुल नुकसान 62,481.88 करोड़ रुपये आंका गया है. इसका सबसे ज्यादा असर छोटे और सीमांत किसानों पर पड़ा है. फसल खराब होने से उनकी कमाई का जरिया प्रभावित हुआ है. कई किसान अपनी जमा पूंजी खर्च कर चुके हैं. अब उनके सामने रोजमर्रा का खर्च चलाने, बैंक और दूसरे कृषि कर्ज चुकाने के साथ अगली फसल की बुवाई के लिए बीज, खाद और दूसरी चीजों का इंतजाम करने की चुनौती है.

कर्नाटक सरकार का कहना है कि उसने केंद्र की मदद का इंतजार किए बिना अपने स्तर पर सूखा राहत देना शुरू कर दिया है. राज्य सरकार ने पात्र किसानों को कम से कम 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है. इसके लिए राहत की पहली किस्त भी अपने संसाधनों से जारी की जा चुकी है. हालांकि, सरकार का कहना है कि सूखे से हुए नुकसान का दायरा बहुत बड़ा है. ऐसे में अकेले राज्य के बजट से किसानों को पर्याप्त मदद देना मुश्किल हो रहा है.

कर्नाटक सरकार ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (NDRF) के तहत 22,400.58 करोड़ रुपये की संशोधित मांग रखी है. इससे पहले राज्य ने 20,585.73 करोड़ रुपये की सहायता मांगी थी. बाद में केंद्र की ओर से आपदा राहत के नियमों में बदलाव के बाद फसल नुकसान के लिए मिलने वाली सहायता की जरूरत को दोबारा आंका गया और कुल मांग बढ़ाकर 22,400.58 करोड़ रुपये कर दी गई. अब राज्य सरकार चाहती है कि केंद्र इस मांग को जल्द मंजूरी दे और पैसा जारी करे, ताकि सूखे से परेशान किसानों को राहत मिल सके.

Share This Article