एक अक्टूबर से धान खरीद शुरू होगी, इस बार 2 लाख टन कम खरीद होने की आशंका से किसान चिंतित, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: हरियाणा सरकार ने धान की सरकारी खरीद के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है और मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर किसानों के रजिस्ट्रेशन भी शुरू हो चुके हैं. हरियाणा की सभी मंडियों और खरीद केंद्रों पर धान खरीद की तैयारियां भी लगभग अंतिम चरण में हैं. सभी केंद्रों को तौल-काटां, बार-दाना आदि की व्यवस्था और ट्रैक्टर खड़े करने की जगह के साथ ही किसानों की धान रखने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं. हालांकि, किसान इस बात से चिंतित हैं क्यों कि इस बार बीते सीजन की तुलना में 2 लाख मीट्रिक टन कम खरीद का टारगेट है. हालांकि, सरकार से उम्मीद है कि वह इस बार खरीद शुरू होते ही टारगेट बढ़ा देगी.

हरियाणा में 1 अक्टूबर से शुरू होने वाली धान की सरकारी खरीद को लेकर अनाज मंडियों और खरीद केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं. फरीदबाद की बल्लभगढ़ अनाज मंडी में मार्केट कमेटी की ओर से खरीद तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. किसानों को मंडी में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है. मार्केट कमेटी के सेक्रेटरी इंद्रपाल सिंह ने मीडिया को बताया कि धान की सरकारी खरीद 1 अक्टूबर से शुरू होगी और मंडी प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. किसानों के लिए शौचालय, पीने के पानी और कैंटीन की व्यवस्था की गई है.

उन्होंने कहा कि इसके अलावा मंडी परिसर में पेड़ों के नीचे मटकों की व्यवस्था भी कराई गई है, ताकि मंडी में आने वाले किसानों को गर्मी के दौरान आसानी से पीने का पानी उपलब्ध हो सके. उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष धान की खरीद हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन/हेफेड जैसी सरकारी एजेंसियों के माध्यम से की गई थी और इस वर्ष भी संबंधित एजेंसी का निर्धारण सरकार की ओर से किया जाएगा. मार्केट कमेटी के सेक्रेटरी ने किसानों को भरोसा दिलाया कि धान खरीद के दौरान किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और मंडी में उनकी सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा.

बल्लभगढ़ अनाज मंडी के मार्केट कमेटी के सेक्रेटरी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है. किसानों को यही भाव मिलेगा और 48 घंटे में भुगतान किया जाएगा. केंद्र की ओर से खरीफ मार्केटिंग सीजन 2026-27 के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) सामान्य धान के लिए 2441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड ‘ए’ धान के लिए 2461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *