एग्रीवेट: देश में गेहूं और चना जैसी रबी फसलों की बुवाई पिछले साल के मुकाबले धीमी चल रही है. इसकी मुख्य वजह कई राज्यों में मिट्टी में पर्याप्त नमी नहीं होना और जलाशयों में पानी का घटता स्तर है. इस साल मॉनसून के दौरान कई राज्यों में कम और अनियमित बारिश हुई. इसका असर जलाशयों में पानी के भंडारण और खेतों की मिट्टी में बची नमी पर पड़ा है. रबी फसलों की बुवाई के लिए मिट्टी में पर्याप्त नमी होना जरूरी है. कृषि मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 20 नवंबर तक देश में रबी फसलों की बुवाई 260.97 लाख हेक्टेयर में हुई है. जबकि पिछले साल इसी अवधि में 290.80 लाख हेक्टेयर में बुवाई हो चुकी थी. इस तरह पिछले साल के मुकाबले रबी फसलों का कुल बुवाई क्षेत्र 10.26 फीसदी कम है.
देश में रबी फसलों की बुवाई पर कम बारिश और मिट्टी में नमी की कमी का असर दिखाई दे रहा है. गेहूं की बुवाई पिछले साल के मुकाबले 17 फीसदी पीछे चल रही है. वहीं, दलहन की प्रमुख फसल चना का रकबा 14.64 फीसदी कम है. दूसरी ओर, सरसों की बुवाई लगभग पिछले साल के बराबर बनी हुई है. गेहूं के प्रमुख उत्पादक राज्यों में भी बुवाई की रफ्तार धीमी है. उत्तर प्रदेश में गेहूं की बुवाई 5 फीसदी घटकर 21.98 लाख हेक्टेयर रह गई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 23.16 लाख हेक्टेयर थी. मध्य प्रदेश में गेहूं का रकबा 24.22 फीसदी घटकर 29.28 लाख हेक्टेयर रह गया है. पिछले साल यहां 38.64 लाख हेक्टेयर में बुवाई हुई थी.
महाराष्ट्र में सूखे ने बिगाड़ा खरीफ का गणित, दलहन उत्पादन में 58 फीसदी गिरावट का अनुमान – एग्रीवेट
पंजाब में गेहूं की बुवाई लगभग पिछले साल के बराबर 27.73 लाख हेक्टेयर पर है. वहीं, हरियाणा में रकबा 33 फीसदी घटकर 6.97 लाख हेक्टेयर रह गया है, जो पिछले साल 10.44 लाख हेक्टेयर था. वहीं, राजस्थान में गेहूं की बुवाई 37 फीसदी गिरकर 7.20 लाख हेक्टेयर और गुजरात में 75.52 फीसदी घटकर महज 0.26 लाख हेक्टेयर रह गई है. इसी तरह तिलहन की प्रमुख फसल सरसों का रकबा भी मामूली 0.26 फीसदी घटकर 71.05 लाख हेक्टेयर रहा है. पिछले साल इसी अवधि में 71.23 लाख हेक्टेयर में सरसों की बुवाई हुई थी. मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में सरसों का रकबा बढ़ा है, लेकिन प्रमुख उत्पादक राज्य राजस्थान में आई गिरावट के कारण कुल बुवाई लगभग स्थिर बनी हुई है.
देश में रबी सीजन की दलहन फसलों की बुवाई में इस बार अलग-अलग रुझान देखने को मिल रहे हैं. चने की बुवाई पिछले साल के मुकाबले 14.64 फीसदी घटकर 41.35 लाख हेक्टेयर रह गई है. पिछले साल इसी अवधि में 48.45 लाख हेक्टेयर में चने की बुवाई हुई थी. वहीं, मसूर की बुवाई में 24 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इसका रकबा बढ़कर 11.10 लाख हेक्टेयर हो गया है, जबकि पिछले साल यह 8.96 लाख हेक्टेयर था. मटर की बुवाई भी 3 फीसदी बढ़कर 5.68 लाख हेक्टेयर पहुंच गई है.
चने की बुवाई में सबसे ज्यादा गिरावट राजस्थान में दर्ज की गई है. यहां इसका रकबा 61 फीसदी घटकर 6.91 लाख हेक्टेयर रह गया है. पिछले साल इसी अवधि में 17.54 लाख हेक्टेयर में चने की बुवाई हुई थी. वहीं, मध्य प्रदेश में चने का रकबा 90 फीसदी बढ़कर 15.53 लाख हेक्टेयर हो गया है. पिछले साल यह 8.16 लाख हेक्टेयर था. गुजरात में चने की बुवाई करीब 50 फीसदी घटकर 0.60 लाख हेक्टेयर रह गई है. महाराष्ट्र में रकबा 6.87 लाख से घटकर 6.58 लाख हेक्टेयर और कर्नाटक में 29 फीसदी गिरकर 5.67 लाख हेक्टेयर रह गया है. उत्तर प्रदेश में भी चने की बुवाई 12 फीसदी घटकर 3.95 लाख हेक्टेयर हुई है. हालांकि, आंध्र प्रदेश में इसका रकबा 19 फीसदी बढ़कर 1.17 लाख हेक्टेयर पहुंच गया है.
सरसों की बुवाई के मामले में राजस्थान में 7 फीसदी की गिरावट आई है. यहां 20 नवंबर तक 29.24 लाख हेक्टेयर में सरसों बोई गई, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 31.50 लाख हेक्टेयर था. दूसरी ओर, मध्य प्रदेश में सरसों का रकबा 43 फीसदी बढ़कर 11.94 लाख हेक्टेयर हो गया है. उत्तर प्रदेश में मामूली बढ़त के साथ यह 19.96 लाख हेक्टेयर रहा. हरियाणा में सरसों की बुवाई 5 फीसदी घटकर 6.11 लाख हेक्टेयर रही, जबकि पंजाब में 9 फीसदी बढ़कर 0.41 लाख हेक्टेयर पहुंच गई है.
देश में रबी सीजन के दौरान धान की बुवाई पिछले साल के मुकाबले 9 फीसदी कम हुई है. प्रमुख उत्पादक राज्य तमिलनाडु में धान का रकबा 8 फीसदी घटकर 7.52 लाख हेक्टेयर रह गया है. पिछले साल इसी अवधि में 8.19 लाख हेक्टेयर में धान की बुवाई हुई थी. वहीं, आंध्र प्रदेश में धान का रकबा 40 फीसदी गिरकर 0.29 लाख हेक्टेयर रह गया है. हालांकि, केरल में 59 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ यह 0.27 लाख हेक्टेयर पहुंच गया है.
रबी सीजन में मक्का की बुवाई भी पिछले साल के मुकाबले 2.15 फीसदी पीछे चल रही है. 20 नवंबर तक देश में 5 लाख हेक्टेयर में मक्का बोया गया है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 5.11 लाख हेक्टेयर में बुवाई हुई थी. बिहार में मक्का का रकबा 39 फीसदी घटकर 0.13 लाख हेक्टेयर रह गया है. महाराष्ट्र में भी 28 फीसदी की गिरावट के साथ यह 1.33 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया. कर्नाटक में मक्का की बुवाई 12 फीसदी घटकर 0.56 लाख हेक्टेयर रही. दूसरी ओर, मध्य प्रदेश में मक्का का रकबा पिछले साल के 0.02 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 0.87 लाख हेक्टेयर हो गया है. आंध्र प्रदेश में भी यह 0.01 लाख से बढ़कर 0.15 लाख हेक्टेयर पहुंच गया है.