एग्रीवेट: भारत से गैर-बासमती चावल के निर्यात में चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले सात महीनों (अप्रैल-अक्टूबर) में 6.7 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इस दौरान कुल 88.4 लाख टन गैर-बासमती चावल का निर्यात हुआ, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 82.8 लाख टन था. भारतीय चावल की प्रतिस्पर्धी कीमतों के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में सफेद और टूटे चावल (ब्रोकन राइस) की मांग बढ़ी है, जिससे निर्यात को बढ़ावा मिला है.
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान गैर-बासमती सफेद चावल का निर्यात 18.3 फीसदी बढ़कर 28.2 लाख टन हो गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 23.8 लाख टन निर्यात हुआ था. वहीं, टूटे चावल का निर्यात 73.5 फीसदी की बड़ी बढ़ोतरी के साथ 9.8 लाख टन पर पहुंच गया, जो पिछले साल 5.6 लाख टन था. हालांकि, भारत के पारबॉयल्ड चावल (उबले हुए चावल) के निर्यात में गिरावट आई है. इसका निर्यात 4.6 फीसदी घटकर 49 लाख टन रह गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 51 लाख टन था. आंकड़ों के अनुसार, इस निर्यात में जीआई टैग वाली प्रीमियम किस्मों के 42,558 टन चावल भी शामिल हैं.
गांवों का सुपरफूड है उत्तराखंड का लाल चावल, आयरन-फाइबर से भरपूर.. 200 रुपये किलो है रेट, इस बड़े खुलासे से मचा हड़कंप – एग्रीवेट
भारत से चावल का निर्यात बढ़ने के बावजूद निर्यातकों को पहले के मुकाबले कम कीमत मिल रही है. वित्त वर्ष 2025-26 में गैर-बासमती चावल का निर्यात 6.4 फीसदी बढ़कर 150.4 लाख टन हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में 141.3 लाख टन निर्यात हुआ था. हालांकि, निर्यात से होने वाली कमाई 6.53 अरब डॉलर से घटकर 5.87 अरब डॉलर रह गई. इसकी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय चावल की प्रति टन कीमतों में गिरावट है. वित्त वर्ष 2025-26 में भारतीय निर्यातकों को औसतन 390 डॉलर प्रति टन की कीमत मिली, जबकि इससे पिछले साल यह 462 डॉलर प्रति टन थी.
बासमती चावल के मामले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला है. वित्त वर्ष 2025-26 में बासमती चावल का निर्यात 7.6 फीसदी बढ़कर 65.2 लाख टन हो गया, जो पिछले साल 60.6 लाख टन था. लेकिन इसकी औसत निर्यात कीमत 13 फीसदी घटकर 870 डॉलर प्रति टन रह गई. व्यापार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष 2026-27 के अप्रैल से अक्टूबर के दौरान बासमती चावल का निर्यात करीब 36 लाख टन पर स्थिर रहा है.
विशेषज्ञों का कहना है कि भारत के पास चावल का पर्याप्त उत्पादन और निर्यात के लिए बड़ा अतिरिक्त भंडार होने के बावजूद निर्यातक अच्छी कीमतें हासिल नहीं कर पा रहे हैं. वहीं, दालों और खाद्य तेलों के मामले में भारत आयातकों की भूमिका में है और विदेशी विक्रेता जिस कीमत पर सामान बेचते हैं, भारत को उसी दर पर खरीदना पड़ता है. विशेषज्ञों के मुताबिक, चावल के निर्यात और दालों व खाद्य तेलों के आयात, दोनों ही मामलों में भारत अपनी कीमतों को लेकर मजबूत और स्थिर रणनीति नहीं बना पाया है.
एक व्यापार नीति विशेषज्ञ के मुताबिक, किसी देश को यह तय करना होता है कि वह अंतरराष्ट्रीय बाजार में खरीदार की भूमिका निभाएगा या विक्रेता की. लेकिन भारत इस मामले में अपनी मजबूत स्थिति नहीं बना पा रहा है. बिजनेसलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, घरेलू बाजार में चावल की कीमतों पर काबू पाने के लिए सरकार कई विकल्पों पर विचार कर रही है. इनमें चावल के निर्यात पर रोक लगाने का विकल्प भी शामिल है. दरअसल, खुदरा बाजार में चावल की महंगाई दर 12.51 फीसदी तक पहुंच गई है. ऐसे में सरकार घरेलू कीमतों को कम करना चाहती है.
वहीं, चावल निर्यातकों ने सरकार से सामान्य चावल और प्रीमियम किस्मों के बीच अंतर करने की मांग की है. उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश का कालानमक, बिहार का कतरनी, तमिलनाडु का सीरगा सांबा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का सांबा मसूरी और पश्चिम बंगाल का गोबिंदभोग जैसी खास किस्मों को सामान्य चावल की श्रेणी में नहीं रखना चाहिए. गैर-बासमती चावल निर्यातकों के एक संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी के मुताबिक, सामान्य चावल की कीमतों में फिलहाल स्थिरता बनी हुई है. इसकी एक वजह यह भी है कि सरकार राशन की दुकानों के जरिए भी इसी गुणवत्ता वाला चावल लोगों को उपलब्ध कराती है.