यूरिया-DAP के आयात पर निर्भर भारत, वैश्विक संकट से खाद महंगी.. सरकार की बढ़ी चिंता – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FAI) ने देश में खाद की भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए घरेलू उत्पादन क्षमता बढ़ाने की मांग की है. संगठन का कहना है कि दुनिया के दूसरे देशों में भू-राजनीतिक तनाव और संघर्ष के कारण जब भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में खाद की कीमतें बढ़ती हैं, तो भारत पर सब्सिडी का बोझ भी काफी बढ़ जाता है. इससे बचने के लिए देश में खाद का उत्पादन बढ़ाने के साथ कच्चे माल के आयात के स्रोतों में भी विविधता लाने की जरूरत है.

भारत अपनी घरेलू मांग पूरी करने के लिए बड़ी मात्रा में खाद का आयात  करता है. पिछले वित्त वर्ष में देश ने 1 करोड़ टन से अधिक यूरिया आयात किया था. दरअसल, 2024-25 में सरकार ने यूरिया का आयात कम कर दिया था, जबकि इसकी सालाना मांग लगातार बढ़ रही है. अब देश में यूरिया की मांग करीब 4 करोड़ टन तक पहुंच गई है. इसके अलावा, यूरिया बनाने के लिए जरूरी गैस का करीब 75 फीसदी हिस्सा आयात किया जाता है. वहीं, देश अपनी डीएपी (डाय-अमोनियम फॉस्फेट) की 85 फीसदी से अधिक जरूरत आयात के जरिए पूरी करता है. इसमें कच्चा माल और तैयार खाद दोनों शामिल हैं. पोटाश (MOP) के मामले में भारत पूरी तरह आयात पर निर्भर है.

शंकरसुब्रमणियन ने कहा कि भारत ने इन चुनौतियों के बावजूद किसानों को खाद उपलब्ध कराने में काफी मजबूती दिखाई है. लेकिन हर बार संकट आने के बाद उससे निपटने के बजाय देश को ऐसी तैयारी करनी चाहिए, जिससे विदेशी संकटों का असर कम हो. इसके लिए घरेलू खाद उत्पादन बढ़ाने, कच्चे माल के आयात के लिए नए देशों की तलाश करने और दूसरे देशों के साथ रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि खाद बनाने के लिए वैकल्पिक कच्चे माल और ऊर्जा स्रोतों को विकसित करना भी जरूरी है. साथ ही, उर्वरकों के सही और बेहतर इस्तेमाल पर जोर देना होगा, ताकि कम खाद में भी फसलों को पर्याप्त पोषक तत्व मिल सकें.

शंकरसुब्रमणियन ने कहा कि देश की कृषि रणनीति में मिट्टी की सेहत और फसलों को संतुलित मात्रा में पोषक तत्व देना सबसे अहम होना चाहिए. इसके लिए सरकार की नीतियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं. उन्होंने बताया कि इस साल की पहली छमाही में डीएपी और कॉम्प्लेक्स एनपीके खाद की कीमतों के बीच अंतर बढ़ गया. इसके कारण किसानों ने संतुलित पोषण देने वाली खादों का इस्तेमाल कम कर दिया.

उर्वरक सचिव रजत कुमार मिश्रा ने कहा कि सब्सिडी वाली यूरिया का खेती के बजाय उद्योगों में इस्तेमाल होना सरकार के सामने बड़ी चुनौती है. इस पर रोक लगाने के लिए सरकार ने एक नई व्यवस्था तैयार की है. इससे यूरिया की गलत तरीके से हो रही बिक्री और इस्तेमाल पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि कृषि कार्यों के लिए मिलने वाली यूरिया की कीमत करीब 6 रुपये प्रति किलो है, जबकि उद्योगों में इस्तेमाल होने वाली यूरिया की कीमत 60 से 70 रुपये प्रति किलो है. कीमत में इतना बड़ा अंतर होने के कारण सस्ती कृषि यूरिया को औद्योगिक इस्तेमाल के लिए भेजने के मामले बड़े पैमाने पर सामने आ रहे हैं. सरकार की नई व्यवस्था का मकसद इस तरह की गड़बड़ी को रोकना है.

Share This Article