एग्रीवेट: हिमाचल प्रदेश में पिछले चार दशकों के दौरान सेब की पैदावार में भारी गिरावट आई है. साल 1981 में राज्य में एक हेक्टेयर जमीन पर 10 टन से ज्यादा सेब का उत्पादन होता था. लेकिन 2023 में यह घटकर करीब 4.3 टन प्रति हेक्टेयर रह गया. भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की पत्रिका ‘इंडियन हॉर्टिकल्चर’ में प्रकाशित एक लेख में यह जानकारी दी गई है. यह लेख सोलन के नौणी स्थित डॉ. वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों की एक टीम ने तैयार किया है.
वैज्ञानिकों के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में 1981 के मुकाबले 2023 में सेब की पैदावार 50 फीसदी से ज्यादा घट गई है. हाल के वर्षों में जब उत्पादन सबसे अच्छा रहा, तब भी पैदावार मुश्किल से 6 टन प्रति हेक्टेयर तक पहुंच पाई. यह गिरावट इसलिए भी चिंता बढ़ाती है, क्योंकि इस दौरान सेब की खेती में कई नई तकनीकें आई हैं. फसलों को बीमारियों से बचाने और उत्पादन बढ़ाने के लिए कीटनाशक और उर्वरक भी उपलब्ध हैं. वहीं, न्यूजीलैंड जैसे सेब उत्पादक देशों में एक हेक्टेयर जमीन पर 55 टन से ज्यादा सेब का उत्पादन होता है. इससे हिमाचल प्रदेश और विकसित सेब उत्पादक देशों के बीच पैदावार का बड़ा अंतर सामने आता है.
महाराष्ट्र में सूखे ने बिगाड़ा खरीफ का गणित, दलहन उत्पादन में 58 फीसदी गिरावट का अनुमान – एग्रीवेट
इस लेख की सह-लेखक और शिमला के कृषि विज्ञान केंद्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक उषा शर्मा ने द ट्रिब्यून से कहा कि कीटनाशकों और खाद का जरूरत से ज्यादा और असंतुलित इस्तेमाल सेब की पैदावार घटने की बड़ी वजहों में शामिल है. उन्होंने कहा कि रसायनों के अत्यधिक इस्तेमाल से मिट्टी और पौधों की सेहत पर बुरा असर पड़ा है. इससे उत्पादन कम हो रहा है. इसके अलावा, रासायनिक पदार्थों और जलवायु परिवर्तन का भी सेब की पैदावार पर असर पड़ रहा है.
वैज्ञानिक उषा शर्मा के मुताबिक, 1980 के दशक की शुरुआत तक सेब के बागों में कीटनाशकों और खाद का इस्तेमाल बहुत कम होता था. लेकिन 1983-84 में स्कैब नाम की फफूंदजनित बीमारी फैलने के बाद बागवानों ने फसल को बचाने के लिए नियमित रूप से कीटनाशकों का इस्तेमाल शुरू कर दिया. धीरे-धीरे कीटनाशकों और खाद का इस्तेमाल जरूरत से ज्यादा और असंतुलित होने लगा. इसका असर मिट्टी और पौधों की सेहत पर पड़ा है, जिससे सेब की पैदावार भी प्रभावित हुई है.
वैज्ञानिकों के मुताबिक, लंबे समय तक रासायनिक खाद और कीटनाशकों के ज्यादा इस्तेमाल से मिट्टी की सेहत खराब हुई है. कई सेब के बागों में मिट्टी की उपजाऊ क्षमता घट रही है. साथ ही, मिट्टी में पानी रोकने की क्षमता कम हो रही है और फसलों के लिए फायदेमंद सूक्ष्म जीवों की संख्या भी घट रही है. वैज्ञानिकों ने बताया कि जलवायु परिवर्तन का भी सेब उत्पादन पर बुरा असर पड़ रहा है. सर्दियों में तापमान बढ़ने और बारिश का समय अनियमित होने से सेब की खेती प्रभावित हो रही है. पारंपरिक किस्मों के लिए मौसम में हो रहे बदलावों के अनुसार खुद को ढालना मुश्किल होता जा रहा है.
इस साल का मौसम इसका उदाहरण है. फूल आने के समय खराब मौसम के कारण सेब उत्पादन को नुकसान पहुंचा है. इस साल उत्पादन 1.70 करोड़ पेटियों से ज्यादा रहने की उम्मीद नहीं है. यह हाल के वर्षों के सबसे कम उत्पादन आंकड़ों में शामिल हो सकता है. वहीं, वैज्ञानिकों ने मिट्टी की सेहत सुधारने और खेती को टिकाऊ बनाने के लिए प्राकृतिक और पुनर्योजी खेती अपनाने का सुझाव दिया है. उनके मुताबिक, इससे मिट्टी की उर्वरता, जैव विविधता और पर्यावरण का संतुलन बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है.