एग्रीवेट: Stubble Burning Haryana: हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने एक बार फिर सतर्कता बढ़ा दी है. अगले 15 दिन राज्य के लिए काफी अहम माने जा रहे हैं. ऐसे में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने जिला प्रशासन को साफ निर्देश दिए हैं कि खेतों में पराली जलाने की कोई घटना नहीं होनी चाहिए. इसके लिए पुलिस, कृषि विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी मिलकर काम करेंगे.
इसके साथ ही किसानों से बातचीत कर उन्हें पराली न जलाने और फसल अवशेषों को सही तरीके से संभालने के लिए जागरूक किया जाएगा. आयोग का कहना है कि कुछ जिलों में पराली जलाने की घटनाएं कम हुई हैं, लेकिन अभी पूरी तरह लापरवाही बरतने का समय नहीं है.
आंध्र प्रदेश के दो जिलों में चारे की भारी कमी, सरकार ने उठाए आपात कदम.. दिए ये निर्देश—जानें पूरा मामला – एग्रीवेट
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, CAQM के प्रवक्ता के मुताबिक, राज्य के सभी जिलों के अधिकारियों को अपने-अपने इलाकों में पराली जलाने की घटनाओं पर नजर रखने को कहा गया है. खासतौर पर उन गांवों पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं, जहां पहले पराली जलाने के मामले सामने आ चुके हैं.
अधिकारियों को किसानों के साथ सीधे बातचीत करने और उन्हें पराली जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में समझाने को कहा गया है. आयोग का मकसद सिर्फ पराली जलाने की घटनाओं को रोकना नहीं, बल्कि हवा की क्वालिटी को भी साफ रखना है, ताकि लोगों को प्रदूषण की परेशानी से बचाया जा सके.
CAQM के अधिकारी अलग-अलग जिलों का दौरा कर रहे हैं और वहां के प्रशासन के साथ बैठक कर रहे हैं. अब तक कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, जींद, हिसार, रोहतक, हांसी और फतेहाबाद के अधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है. इन बैठकों में जिलों के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और कृषि विभाग के अधिकारियों से फसल अवशेषों को संभालने के इंतजामों की जानकारी ली गई. साथ ही यह भी पूछा गया कि पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं और किसानों को किस तरह मदद दी जा रही है.
आयोग के मुताबिक, हिसार, फतेहाबाद, हांसी और रोहतक में पराली जलाने के मामलों में कमी आई है. हालांकि, राज्य के कुछ दूसरे जिलों में अब भी पराली जलाने की घटनाएं सामने आ रही हैं. इसी वजह से अधिकारियों को अगले दो हफ्तों तक खास सतर्कता बरतने को कहा गया है. आयोग ने साफ किया है कि कुछ जिलों में हालात बेहतर होने का मतलब यह नहीं है कि निगरानी कम कर दी जाए. जिन गांवों में पराली जलाने की आशंका ज्यादा है, वहां लगातार नजर रखनी होगी.
प्रशासन और कृषि विभाग के अधिकारी मिलकर किसानों को फसल अवशेषों के सही इस्तेमाल के बारे में बताएंगे. किसानों को समझाया जाएगा कि पराली जलाने से खेत की मिट्टी को नुकसान पहुंचता है और हवा में धुआं फैलने से प्रदूषण भी बढ़ता है. इसके बजाय किसान पराली को खेत में मिलाने या मशीनों की मदद से उसका सही इस्तेमाल करने जैसे तरीके अपना सकते हैं. इसके लिए उपलब्ध सुविधाओं और सरकारी इंतजामों की जानकारी भी किसानों तक पहुंचाई जाएगी.