छत्तीसगढ़ में खेती के नए तरीकों से किसानों की बढ़ी कमाई, धान के साथ सब्जियों की खेती से फायदा – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: छत्तीसगढ़ सरकार फसल विविधीकरण, सिंचाई सुविधाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देकर किसानों की आमदनी बढ़ाने की कोशिश कर रही है. इसके लिए किसानों को कृषि मशीनों पर सब्सिडी देने और उनकी उपज को बाजार से जोड़ने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं. इसका फायदा किसानों को मिलने भी लगा है. जांजगीर-चांपा जिले के किसान फागुराम पटेल इसका उदाहरण हैं. पहले वह केवल धान की खेती करते थे, लेकिन उद्यानिकी विभाग की सलाह पर उन्होंने ग्राफ्टेड बैंगन की खेती भी शुरू की. इससे उन्हें अब अतिरिक्त कमाई हो रही है.

बिजनेसलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के केकराखोली गांव में 25 किसान मिलकर 35 एकड़ जमीन पर खेती कर रहे हैं. यहां किसान आम और कटहल के साथ हल्दी, उड़द, करेला, बरबटी और औषधीय पौधों की खेती  भी कर रहे हैं. गांव में बनाए गए सात आजीविका तालाबों से सिंचाई के साथ मछली पालन को भी बढ़ावा मिला है. वहीं, जशपुर जिले के रतबा गांव के युवा किसान अंकित लकड़ा ने एकीकृत खेती का मॉडल अपनाया है. इसमें मछली पालन, मुर्गी पालन और बागवानी को एक साथ जोड़ा गया है. उन्हें प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 8 लाख रुपये की अनुदान राशि भी मिली है. अंकित ने दो तालाबों में मछली पालन शुरू किया है और उनके ऊपर मुर्गी पालन के लिए शेड बनाए हैं. इसके अलावा, खेत में आम और लीची के पेड़ भी लगाए हैं. गर्मियों के दौरान वह तालाब के पानी का इस्तेमाल फसलों की सिंचाई के लिए करते हैं.

छत्तीसगढ़ में आधुनिक तकनीक से खेती करने के साथ महिलाओं के लिए कमाई के नए रास्ते भी खुल रहे हैं. जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ ब्लॉक के पोड़ी गांव की हेमलता मनहर ने नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत ड्रोन चलाने की ट्रेनिंग और तकनीकी जानकारी हासिल की है. अब वह किसानों के खेतों में ड्रोन से नैनो खाद और कीटनाशकों का छिड़काव करती हैं. इस काम से वह हर साल करीब 2 लाख रुपये कमा रही हैं. इसी तरह, खैरागढ़ जिले के खपरितेली गांव की सावित्री साहू भी कृषि ड्रोन ऑपरेटर के रूप में काम कर रही हैं. वह अब तक 40 गांवों में 2,100 एकड़ फसल पर खाद और कीटनाशकों का छिड़काव कर चुकी हैं. इससे उन्हें 6.30 लाख रुपये से अधिक की कमाई हुई है. सावित्री किसानों से ड्रोन के जरिए छिड़काव करने के लिए 300 रुपये प्रति एकड़ शुल्क लेती हैं.

छत्तीसगढ़ में किसानों को आधुनिक कृषि मशीनें उपलब्ध कराने के साथ रोजगार के नए अवसर भी तैयार किए जा रहे हैं. कांकेर ब्लॉक के कन्हारपुरी गांव की जानकी बाई नायक ने 2025-26 में कृषि मशीनीकरण  उप-मिशन के तहत करीब 40 लाख रुपये की लागत से कृषि मशीनरी बैंक शुरू किया. इसमें ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, सीड ड्रिल, कल्टीवेटर और स्प्रेयर जैसी मशीनें रखी गई हैं. जानकी बाई इन मशीनों को किसानों को किराये पर देती हैं. उन्होंने इसके लिए बैंक से 35 लाख रुपये का कर्ज लिया और विभाग से 14 लाख रुपये का अनुदान मिला. मशीनें किराये पर देने से उन्हें अब तक 9.25 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ है. सरकार के मुताबिक, आधुनिक कृषि मशीनों पर सब्सिडी मिलने से खेत की जुताई, बुवाई, रोपाई, निराई और कटाई जैसे कामों में लगने वाला समय और खर्च कम हुआ है. पिछले दो वर्षों में किसानों को 8,567 कृषि मशीनें बांटी गई हैं.

वित्त वर्ष 2026-27 में 16 अक्टूबर तक किसानों को 228 ट्रैक्टर, 10 कंबाइन हार्वेस्टर, 190 धान रोपाई मशीनें, सेल्फ प्रोपेल्ड रीपर और 409 बिजली से चलने वाले कृषि उपकरणों पर सब्सिडी दी गई है. छत्तीसगढ़ सरकार ने चुनिंदा गांवों में 678 कृषि मशीनरी बैंक और 6 कृषि ड्रोन सेवा केंद्र भी स्थापित किए हैं. कृषि मशीनरी बैंक खोलने के लिए 6 लाख से 24 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है. वहीं, कृषि ड्रोन सेवा केंद्र स्थापित करने के लिए 5 लाख रुपये तक की मदद मिलती है. हार्वेस्टर खरीदने पर भी 16 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है. इससे छोटे किसानों को कम किराये पर आधुनिक मशीनें मिल सकेंगी.

Share This Article