Tip Of The Day: सरसों में तेल का तीखापन हो रहा कम? मिट्टी की इस कमी को करें दूर – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: Mustard Farming: सरसों की खेती करने वाले किसानों के लिए अच्छी पैदावार के साथ तेल की अच्छी क्वालिटी भी बहुत मायने रखती है. लेकिन कई बार किसान खेत में अच्छी मेहनत करते हैं, समय पर खाद और पानी भी देते हैं, फिर भी फसल से मनचाहा नतीजा नहीं मिल पाता. सरसों के दाने छोटे रह जाते हैं, पौधों का रंग फीका पड़ जाता है और तेल में पहले जैसा तीखापन भी नहीं आता.

इसकी एक बड़ी वजह खेत की मिट्टी में सल्फर की कमी हो सकती है. सल्फर ऐसा पोषक तत्व है, जिसकी कमी से सरसों की पैदावार के साथ तेल की मात्रा और क्वालिटी पर भी असर पड़ता है. इसलिए किसानों को बुआई के समय से ही इस बात का ध्यान रखना चाहिए.

सरसों एक तिलहनी फसल है. इसका मुख्य उद्देश्य दाने से तेल प्राप्त करना होता है. ऐसे में फसल को सही मात्रा में सल्फर मिलना बहुत जरूरी है. कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, सल्फर पौधों में प्रोटीन और तेल बनने की प्रक्रिया में मदद करता है. अगर मिट्टी में इसकी कमी हो जाए तो पौधे ठीक से बढ़ नहीं पाते और दानों का विकास भी प्रभावित होता है.

इसका असर सीधे सरसों की फसल पर दिखाई देता है. दाने छोटे और कमजोर रह जाते हैं. सरसों का रंग भी पहले जैसा नहीं रहता. इतना ही नहीं, तेल की मात्रा और उसके स्वाद पर भी असर पड़ सकता है. यानी किसान को एक तरफ कम पैदावार मिलती है, तो दूसरी तरफ तेल की क्वालिटी भी खराब हो सकती है.

सरसों में सल्फर की कमी होने पर इसके लक्षण पौधों में ही दिखाई देने लगते हैं. अगर किसान समय रहते इन्हें पहचान लें तो फसल को ज्यादा नुकसान होने से बचाया जा सकता है.

कई बार किसान इन लक्षणों को नाइट्रोजन की कमी समझ लेते हैं और खेत में यूरिया डाल देते हैं. लेकिन अगर असली परेशानी सल्फर की है, तो केवल यूरिया डालने से फायदा नहीं होगा. इसलिए बिना वजह खाद डालने के बजाय पहले कमी का पता लगाना जरूरी है.

कृषि विशेषज्ञों ने सरसों की खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ करीब 8 किलो सल्फर देने की सलाह दी है. इसे खेत में बुआई के समय डालना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है. किसान इसे डीएपी या दूसरे खाद के साथ मिलाकर भी दे सकते हैं. हालांकि, जिन खेतों में सल्फर की कमी ज्यादा है, वहां इसकी मात्रा मिट्टी की जांच के आधार पर तय करनी चाहिए.

सरसों की खेती में खाद का चुनाव करते समय किसान सिंगल सुपर फास्फेट (SSP) का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. इसमें करीब 12 फीसदी सल्फर होता है. ऐसे में डीएपी की जगह इसका इस्तेमाल करने पर अलग से सल्फर डालने की जरूरत नहीं पड़ सकती है.

सरसों की अच्छी पैदावार के लिए सिर्फ यूरिया और डीएपी पर निर्भर रहना ठीक नहीं है. फसल को नाइट्रोजन, फास्फोरस, सल्फर समेत कई पोषक तत्वों की जरूरत होती है. इनमें से किसी एक की कमी भी उत्पादन पर असर डाल सकती है. इसलिए किसानों को बुआई से पहले खेत की मिट्टी की जांच जरूर करानी चाहिए.

Share This Article