बांध बना तो सूखेंगे खेत? कावेरी के लिए किसानों ने अपनाया विरोध का अनोखा तरीका – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: कावेरी नदी के पानी को लेकर कर्नाटक और तमिलनाडु के बीच विवाद एक बार फिर गरमा गया है. कर्नाटक की प्रस्तावित मेकेदातु बांध परियोजना के विरोध में तमिलनाडु के किसानों ने अनोखे तरीके से अपना गुस्सा जाहिर किया. तिरुचिरापल्ली में किसानों ने कावेरी नदी की रेत में खुद को गर्दन तक दफनाकर प्रदर्शन किया. किसानों का कहना है कि अगर मेकेदातु बांध परियोजना को मंजूरी मिलती है, तो तमिलनाडु के किसानों के लिए पानी की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है. इससे कावेरी डेल्टा में धान समेत दूसरी फसलों की खेती पर संकट गहरा सकता है.

तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले के ओदाथुरई में किसानों ने कर्नाटक की मेकेदातु बांध परियोजना के खिलाफ प्रदर्शन किया. इस दौरान कई किसान कावेरी नदी की रेत में गर्दन तक खुद को दफनाकर बैठे. प्रदर्शन आत्र अझगिया सिंगापेरुमल मंदिर के पीछे किया गया. इसका नेतृत्व नेशनल साउथ इंडियन रिवर्स इंटरलिंकिंग फार्मर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष पी. अय्याकन्नू ने किया. किसानों ने इस प्रदर्शन के जरिए राज्य की खेती और सिंचाई के लिए कावेरी के पानी की जरूरत को सामने रखा.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, किसानों का कहना है कि मेकेदातु बांध बनने से तमिलनाडु को मिलने वाले कावेरी के पानी की उपलब्धता प्रभावित  हो सकती है. पी. अय्याकन्नू ने कहा कि राज्य में खेती का रकबा पहले ही कम हुआ है. जिन क्षेत्रों में कभी साल में तीन फसलें उगाई जाती थीं, वहां अब केवल एक फसल ही हो पा रही है. ऐसे में नदी पर बांध बनने से किसानों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं. खासकर कावेरी डेल्टा क्षेत्र में धान की खेती सिंचाई के लिए नदी के पानी पर निर्भर है. किसानों को आशंका है कि पानी की कमी से उनकी फसल और आजीविका दोनों प्रभावित होंगे.

दूसरी ओर, कर्नाटक सरकार इस परियोजना को अपने राज्य के लिए महत्वपूर्ण बता रही है. मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कावेरी नदी पर कर्नाटक के अधिकारों की बात उठाते हुए केंद्र सरकार से मेकेदातु परियोजना के निर्माण के लिए अंतिम मंजूरी देने की मांग की है. उनका कहना है कि कावेरी जल विवाद में कर्नाटक ने कानूनी लड़ाई के जरिए अपने पक्ष को रखा है और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन किया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि कर्नाटक तमिलनाडु को पानी देने संबंधी आदेशों का पालन करेगा. उनके मुताबिक, प्रस्तावित परियोजना से मांड्या, हासन, तुमकुरु और मैसूर जैसे जिलों को फायदा होगा. इसके अलावा बेंगलुरु की पेयजल जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिलेगी.

कावेरी नदी का पानी दोनों राज्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. यह नदी कर्नाटक के कोडागु जिले में पश्चिमी घाट से निकलती है और कर्नाटक से होते हुए तमिलनाडु में प्रवेश करती है. अंत में बंगाल की खाड़ी में मिल जाती है. तमिलनाडु के कावेरी डेल्टा में धान की खेती  काफी हद तक इसी नदी के पानी पर निर्भर है. वहीं, कर्नाटक में भी किसान सिंचाई के लिए कावेरी पर निर्भर हैं. बेंगलुरु जैसे बड़े शहर की पेयजल जरूरतों में भी इस नदी की अहम भूमिका है. यही वजह है कि मेकेदातु बांध परियोजना को लेकर दोनों राज्यों के बीच जल बंटवारे का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है. एक तरफ कर्नाटक इसे पेयजल और जल प्रबंधन के लिए जरूरी बता रहा है, तो दूसरी तरफ तमिलनाडु के किसान इसे अपनी खेती के लिए संभावित खतरे के रूप में देख रहे हैं.

Share This Article