Vegetable Farming Tips: परवल की फसल पर सड़न रोग का वार! बचाव के लिए अपनाएं ये 5 जरूरी उपाय – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: Pointed Gourd Farming: बरसात के मौसम में परवल की फसल में फल, लत्तर और जड़ सड़न रोग का खतरा बढ़ जाता है. लगातार बारिश, खेत में जलभराव और हवा में अधिक नमी के कारण यह रोग तेजी से फैल सकता है. कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार के अनुसार, जुलाई से सितंबर के बीच किसानों को परवल की फसल की नियमित निगरानी करनी चाहिए. समय पर पहचान और जरूरी बचाव उपाय अपनाकर फसल को होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है.

कृषि विशेषज्ञ के अनुसार, परवल में सड़न रोग  फाइटोफ्थोरा मेलोनिस नामक फफूंद के कारण होता है. जुलाई से सितंबर के दौरान 85 से 100 प्रतिशत तक नमी और 24 से 30 डिग्री सेल्सियस तापमान इस फफूंद के लिए अनुकूल माना जाता है. खेत में लंबे समय तक पानी जमा रहने पर रोग के बीजाणु तेजी से फैलते हैं और कुछ ही समय में कई पौधों को अपनी चपेट में ले सकते हैं. यह रोग फल, बेल, तना और जड़ों को प्रभावित करता है.

परवल के फलों  पर शुरुआत में गहरे हरे या भूरे रंग के पानी जैसे धब्बे दिखाई देते हैं. धीरे-धीरे ये धब्बे बढ़ने लगते हैं और फल नरम होकर सड़ने तथा बदबू देने लगते हैं. कई बार फलों पर सफेद रुई जैसी फफूंद भी दिखाई देती है. वहीं, लत्तर और तने पर काले-भूरे धब्बे बनते हैं और बेल मुरझाने लगती है. जड़ों में संक्रमण होने पर जड़ें गल जाती हैं, पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं और पौधा धीरे-धीरे सूख सकता है. जमीन के संपर्क में रहने वाले फलों में संक्रमण का खतरा अधिक रहता है.

अगर समय रहते रोग पर नियंत्रण  नहीं किया गया तो परवल की उपज में 30 से 70 प्रतिशत तक कमी आ सकती है. जलभराव वाले खेतों में नुकसान 80 प्रतिशत तक पहुंचने की आशंका रहती है. इससे किसानों को उत्पादन के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है. इसलिए बारिश के मौसम में खेत की जल निकासी और फसल की निगरानी पर विशेष ध्यान देना जरूरी है.

Share This Article