एग्रीवेट: UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग भी बढ़ती जा रही है. अब योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि अगर सपा प्रमुख अयोध्या से चुनाव लड़ने के लिए पर्चा भरते हैं, तो वह भी वहीं से अपना नामांकन दाखिल करेंगे. उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच सीधी टक्कर होनी चाहिए.
योगी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब एक दिन पहले ही अखिलेश यादव ने गोरखपुर में PDA रथ यात्रा के जरिए अपनी पार्टी की ताकत दिखाने की कोशिश की थी. इस दौरान उन्होंने दावा किया था कि अगर आज चुनाव हो जाएं तो गोरखपुर की सभी नौ विधानसभा सीटों पर बीजेपी को हार का सामना करना पड़ सकता है.
अमेरिका-जर्मनी समेत इन देशों में बढ़ी UP के फल-सब्जियों की डिमांड, 489 करोड़ तक पहुंचा निर्यात – एग्रीवेट
गुरुवार को गोरखपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी. उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश वहां से अपना नामांकन दाखिल करते हैं, तो वह भी उसी सीट से चुनाव लड़ेंगे. योगी ने दोनों नेताओं के बीच आमने-सामने मुकाबला कराने की बात कही.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनमें सीधे मुकाबले का साहस नहीं है. उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि , कमजोर लोग सामने से लड़ने के बजाय पीछे से वार करते हैं. दरअसल, अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती का सिलसिला पहले भी शुरू हो चुका है. इससे पहले अखिलेश यादव ने ही योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी. अब योगी ने उसी बात को आगे बढ़ाते हुए सपा प्रमुख को अपने सामने चुनावी मैदान में उतरने के लिए कहा है.
इस सियासी टकराव के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान हुए एक हादसे को लेकर भी समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा. दरअसल, बुधवार को अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान 13 साल के आर्यवर्धन की मौत हो गई थी. बताया जा रहा है कि रोड शो के दौरान एक खुदाई करने वाली मशीन (एक्सकेवेटर) की चपेट में आने से बच्चे की जान चली गई.
आर्यवर्धन स्थानीय बीजेपी नेता ओंकार सिंह का बेटा था. गोरखपुर के कैंपियरगंज में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख जताया और सपा पर तीखा हमला बोला. उन्होंने समाजवादी पार्टी को गुंडागर्दी, अराजकता, दंगे और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
योगी के इस बयान से एक दिन पहले यानी बुधवार को अखिलेश यादव मुख्यमंत्री के गृह जिले गोरखपुर पहुंचे थे. यहां उन्होंने PDA रथ यात्रा निकाली. यह यात्रा करीब 20 किलोमीटर लंबी थी. इसकी शुरुआत गोरखपुर एयरपोर्ट से हुई और समापन चौरी चौरा के देवकाही गांव में हुआ.
इस दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और समर्थक उनके साथ नजर आए. पार्टी की प्रचार गाड़ी के साथ कार्यकर्ता चलते रहे और अखिलेश यादव के समर्थन में नारे लगाते रहे. इस यात्रा के जरिए सपा ने पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने का संदेश देने की कोशिश की.
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. एक तरफ अखिलेश यादव गोरखपुर जैसे बीजेपी के मजबूत माने जाने वाले इलाके में रथ यात्रा निकालकर अपनी ताकत दिखा रहे हैं, तो दूसरी तरफ योगी आदित्यनाथ उन्हें अयोध्या से सीधे चुनावी मुकाबले की चुनौती दे रहे हैं.