मौसम का यू-टर्न! कहीं बारिश तो कहीं घना कोहरा, जानें दिल्ली-UP समेत देशभर का हाल—देखें क्या है पूरा सच – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है. सुबह और रात के समय ठंड बढ़ रही है और कई इलाकों में कोहरा भी परेशान करने लगा है. इस बीच चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से 22 नवंबर को ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है. कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का भी खतरा है.

वहीं, उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है. दिल्ली में भी सुबह के समय धुंध देखने को मिल सकती है. आइए जानते हैं कल देशभर में मौसम कैसा रहने वाला है.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 22 नवंबर को चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में देखने को मिल सकता है. असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, अरुणाचल प्रदेश और दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में भी बारिश हो सकती है. पूर्वोत्तर के छह राज्यों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है. इसके उलट उत्तर-पश्चिम, मध्य और दक्षिण भारत के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. यानी इन इलाकों में फिलहाल बारिश की संभावना कम है.

दिल्ली में 22 नवंबर को आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं. सुबह के समय ज्यादातर इलाकों में धुंध और हल्का कोहरा देखने को मिलेगा. कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा भी छा सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

उत्तर प्रदेश में बारिश के बजाय कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है. मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में 22 और 23 नवंबर को घना कोहरा छाने की चेतावनी दी है. सुबह के समय सड़क पर निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है. वहीं, बिहार में 22 नवंबर को मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. राज्य में बारिश, आंधी या बिजली गिरने को लेकर कोई खास चेतावनी जारी नहीं की गई है.

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है. पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है. हालांकि, उत्तर-पश्चिम और पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, 22 नवंबर को देश के किसी भी हिस्से में शीतलहर चलने का अलर्ट नहीं है. यानी फिलहाल कड़ाके की ठंड और शीतलहर के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है.

Share This Article