जलवायु बदलाव से चना की बुवाई में देरी, पछेती किस्मों की बुवाई का IIPR ने बताया सही तरीका – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: जलवायु बदलाव और अलनीनो स्थितियों के चलते इस बार रबी फसलों की बुवाई में देरी देखी जा रही है. मिट्टी में नमी और मौसम में अनुकूल ठंडक नहीं होने के चलते चना की खेती में देरी हुई है. ऐसे में जो किसान पछेती किस्मों की बुवाई कर रहे हैं उन्हें कम लागत में अच्छी पैदावार हासिल करने के लिए सही तरीका अपनाना बेहद जरूरी है. भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के कानपुर स्थित भारतीय दलहन अनुसंधान संस्थान (IIPR) और उत्तर प्रदेश कृषि विभाग ने गाइडलाइन जारी की है.

चना की बुवाई का समय 20 नवंबर तक माना जाता है, लेकिन इस बार मौसम अनुकूल नहीं होने से बुवाई में देरी देखी गई है. ऐसे में भारतीय दलहन अनुसंधान संस्थान (IIPR) और उत्तर प्रदेश कृषि विभाग ने गाइडलाइन जारी कर किसानों को कम अवधि में पकने वाली और पछेती बुवाई के अनुकूल किस्मों का चुनाव जरूरी है.

आईसीएआर के दलहन अनुसंधान संस्थान के कृषि सलाह में कहा गया है कि किसान पछेती बुवाई में खेत की अच्छी जुताई करके मिट्टी को भुरभुरा बना लें और जल निकास की उचित व्यवस्था रखें. बुवाई के लिए अपने क्षेत्र के अनुसार अनुशंसित किस्म का प्रमाणित बीज लें. देर से बुवाई में सामान्य से कुछ अधिक बीज की जरूरत पड़ सकती है.

छोटी दाने वाली किस्मों में लगभग 30 सेंटीमीटर और बड़े दाने वाली किस्मों में 45 सेंटीमीटर कतार की दूरी रखी जा सकती है. पौधों के बीच करीब 10 सेंटीमीटर दूरी रखें और बीज को 8 से 10 सेंटीमीटर गहराई पर बोएं. बुवाई से पहले बीज का फफूंदनाशक से उपचार करें और इसके बाद राइजोबियम कल्चर लगाएं.

मिट्टी की जांच के आधार पर खाद और उर्वरक डालें. सामान्य तौर पर दलहनी फसलों के लिए बुवाई के समय 20 किलो नाइट्रोजन, 40 किलो फास्फोरस और 20 किलो पोटाश प्रति हेक्टेयर की अनुशंसा की जाती है. फूल आने के समय सिंचाई से बचें, जबकि बारिश न होने पर फलियां बनने के दौरान हल्की सिंचाई लाभकारी हो सकती है.

Share This Article