गन्ना 15 पैसे और चीनी 25 रुपये बढ़ी.. किसानों संग नाइंसाफी बर्दाश्त नहीं, गन्ना छिलाई रोकने का आह्वान – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: गन्ना मूल्य बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर किसान लामबंद हैं और हरियाणा में चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति रोकने का फैसला कई किसान संगठनों ने किया है. भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि गन्ना का मूल्य 15 पैसे बढ़ाया गया है, जबकि चीनी 25 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है. उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को दाम नहीं देना चाहती है, जबकि किसान महंगे दाम देकर चीनी खरीदें. यह नाइंसाफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने किसान से गन्ना छिलाई रोकने और चीनी मिलों को आपूर्ति नहीं करने का ऐलान किया है. इसके साथ ही मिलों के गेट पर धरना प्रदर्शन के साथ ही गांव स्तर पर आंदोलन तेज करने का आह्वान किया है.

किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने वीडियो जारी कर गन्ना किसानों के हितों को लेकर सरकार और चीनी मिलों के खिलाफ मोर्चा खोलने की बात कही है. उन्होंने किसानों से गन्ने का उचित मूल्य मिलने तक चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति नहीं करने की अपील की है. चढ़ूनी का कहना है कि किसान अपनी मेहनत से गन्ने की फसल तैयार करते हैं, लेकिन उन्हें उपज का उचित दाम नहीं मिलता. ऐसे में किसानों को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी होगी. उन्होंने किसानों से गन्ने की छिलाई रोकने और मिलों को गन्ना नहीं देने जैसे कदम उठाने की अपील की है.

चढ़ूनी ने किसानों से गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया है. उन्होंने कहा कि जब तक किसानों को उनकी फसल का लाभकारी मूल्य नहीं मिलता, तब तक संघर्ष जारी रखना होगा. इसके लिए गांव-गांव में किसानों को एकजुट करने और सामूहिक रूप से आंदोलन करने की जरूरत है. उन्होंने संकेत दिया कि यदि सरकार और चीनी मिल प्रबंधन किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं देते हैं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

गन्ना किसानों की बढ़ती उत्पादन लागत को देखते हुए चढ़ूनी ने गन्ने के राज्य परामर्श मूल्य (SAP) और उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) में बढ़ोतरी की मांग उठाई है. उनका कहना है कि डीजल, खाद, बीज, कीटनाशक, सिंचाई और मजदूरी का खर्च लगातार बढ़ रहा है, लेकिन गन्ने के दाम उस अनुपात में नहीं बढ़ाए जा रहे हैं. ऐसे में किसानों को गन्ने का ऐसा मूल्य मिलना चाहिए, जिससे उनकी लागत निकलने के साथ उचित मुनाफा भी सुनिश्चित हो सके.

हरियाणा सरकार ने पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ने का राज्य परामर्श मूल्य (SAP) बढ़ाकर 430 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है, जो पिछले सीजन 2025-26 में 415 रुपये प्रति क्विंटल था. यानी किसानों को इस बार 15 रुपये प्रति क्विंटल अधिक मिलेंगे. वहीं, केंद्र सरकार ने 2026-27 के चीनी सीजन के लिए गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) 365 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है. यह मूल्य 10.25 फीसदी चीनी रिकवरी के आधार पर निर्धारित है. लेकिन, किसान इस मूल्य को नाकाफी बता रहे हैं और गन्ना मूल्य की तुलना में चीनी की अधिक कीमतों पर नाखुश हैं.

Share This Article