एग्रीवेट: प्रधानमंत्री Fasal Bima Yojana: खेती-किसानी में मौसम का भरोसा नहीं रहता. कभी ज्यादा बारिश तो कभी सूखा और ओलावृष्टि किसानों की महीनों की मेहनत बर्बाद कर देती है. ऐसे में किसानों के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) काफी काम की है. इस योजना के तहत किसान अपनी फसल का बीमा कराकर प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान के खिलाफ आर्थिक सुरक्षा पा सकते हैं. लेकिन अगर आप भी अपनी फसल का बीमा कराने की तैयारी कर रहे हैं, तो पहले कुछ जरूरी दस्तावेज जुटा लें. कागजात अधूरे होने या उनमें गलत जानकारी होने पर आवेदन में परेशानी आ सकती है. खासकर गैर-कर्जदार किसानों को आवेदन से पहले इन दस्तावेजों का इंतजाम कर लेना चाहिए.
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की जानकारी के मुताबिक, फसल बीमा के लिए किसानों को जमीन, पहचान, बैंक खाते और फसल से जुड़े कुछ कागजात देने पड़ सकते हैं. इनमें ये दस्तावेज शामिल हैं.
सबसे पहले किसान को अपनी खेती की जमीन से जुड़े दस्तावेज तैयार रखने चाहिए. इसमें अधिकार अभिलेख और भूमि अधिकार प्रमाण पत्र जैसे कागजात शामिल हो सकते हैं. इनसे यह पता चलता है कि किसान किस जमीन पर खेती कर रहा है. इसलिए आवेदन से पहले जमीन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच जरूर कर लें.
आवेदन करते समय पहचान साबित करने के लिए आधार कार्ड या कोई दूसरा मान्य पहचान पत्र देना होगा. ध्यान रखें कि दस्तावेज में आपका नाम और दूसरी जानकारियां सही हों.
फसल बीमा के आवेदन में बैंक खाते की जानकारी भी जरूरी होती है. इसके लिए बैंक पासबुक के पहले पेज की कॉपी या खाते से जुड़ी जानकारी तैयार रखें. खाता नंबर और दूसरी जानकारियां सही होनी चाहिए, ताकि बीमा से जुड़ी रकम मिलने में परेशानी न आए. आवेदन में अपना चालू मोबाइल नंबर जरूर दें. इसी नंबर पर फसल बीमा आवेदन और उससे जुड़ी दूसरी जरूरी जानकारियों के मैसेज आ सकते हैं.
कुछ राज्यों में फसल की जानकारी साबित करने के लिए फसल प्रमाण पत्र भी मांगा जा सकता है. इसलिए किसान अपने राज्य में लागू नियमों के बारे में पहले जानकारी ले लें और जरूरत पड़ने पर यह प्रमाण पत्र बनवा लें.
अगर कोई किसान दूसरे की जमीन पर बटाई या किराये पर खेती करता है, तो उसे भी फसल बीमा कराने का मौका मिल सकता है. ऐसे किसानों को जमीन के मालिक के साथ किया गया समझौता, किरायानामा या पट्टा विलेख जैसे दस्तावेज देने पड़ सकते हैं. इससे यह साबित करने में मदद मिलती है कि किसान संबंधित जमीन पर खेती कर रहा है.
फसल का बीमा कराने के बाद किसान को अपनी पॉलिसी की कॉपी संभालकर रखनी चाहिए. इसमें यह जानकारी होती है कि कौन-सी फसल का बीमा हुआ है, कितना बीमा कवर मिला है और बीमा कितने समय तक मान्य रहेगा. इसके अलावा फसल को नुकसान होने पर उसकी सूचना कहां और कैसे देनी है, इसकी जानकारी भी पॉलिसी में मिलती है.