2 रुपये का फ्रूट ट्रैप बैग बना किसानों का नया हथियार, कीड़े दूर रहेंगे और फल मिलेगा बेहतर – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: Banana Farming: केले की खेती करने वाले किसानों के लिए एक सस्ती और उपयोगी तकनीक सामने आई है. महज 2 रिपये कीमत वाला फ्रूट ट्रैप बैग फसल को कीड़े-मकोड़ों, दाग-धब्बों और जंगली जानवरों से बचाने में मदद कर सकता है. इससे बार-बार कीटनाशक स्प्रे की जरूरत कम होती है, उत्पादन की गुणवत्ता बेहतर रहती है और खेती की लागत भी घटती है. कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार के अनुसार, यदि किसान सही समय पर इस तकनीक का उपयोग करें तो केले की फसल को सुरक्षित रखने के साथ बेहतर बाजार भाव भी प्राप्त किया जा सकता है.

कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार के अनुसार, जब केले के पौधे  पर फल का गुच्छा पूरी तरह बनने लगे, तब उस पर विशेष प्रकार का फ्रूट ट्रैप बैग चढ़ा देना चाहिए. यह बैग फल को सीधे कीड़े-मकोड़ों, धूल, धूप और अन्य बाहरी नुकसान से बचाता है. इससे फल पर दाग नहीं पड़ते और उसकी चमक व गुणवत्ता बनी रहती है. अच्छी गुणवत्ता वाले फल बाजार में अधिक कीमत पर बिकते हैं, जिससे किसानों की आमदनी बढ़ सकती है.

विशेषज्ञ बताते हैं कि केले की खेती में कीटों से बचाव  के लिए किसानों को कई बार कीटनाशकों का छिड़काव करना पड़ता है, जिससे लागत बढ़ जाती है. लेकिन फ्रूट ट्रैप बैग लगाने के बाद फल सुरक्षित रहता है और बार-बार स्प्रे की जरूरत काफी कम हो जाती है. इससे रासायनिक दवाओं का उपयोग घटता है, उत्पादन लागत कम होती है और पर्यावरण पर भी सकारात्मक असर पड़ता है. यह तकनीक छोटे और मध्यम किसानों के लिए भी किफायती मानी जा रही है.

बाजार में उपलब्ध फ्रूट ट्रैप बैग  की कीमत करीब 2 रुपये प्रति पीस है. यदि किसान इसे सरकारी अनुदान योजना के तहत खरीदते हैं, तो इसकी लागत और भी कम हो सकती है. यह बैग पर्यावरण के अनुकूल सामग्री से तैयार किया जाता है, जो समय के साथ प्राकृतिक रूप से नष्ट हो जाता है. इससे खेत और मिट्टी पर किसी तरह का हानिकारक प्रभाव नहीं पड़ता. कम लागत में बेहतर सुरक्षा मिलने से यह तकनीक तेजी से लोकप्रिय हो रही है.

Share This Article