एग्रीवेट: 02 नवंबर 2026, जयपुर: दीपावली पर राजस्थान के किसानों को 345 करोड़ की सौगात, लंबित फसल बीमा दावों का भुगतान – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार ने दीपावली के अवसर पर प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत दी है। प्राकृतिक आपदाओं और प्रतिकूल मौसम की मार झेलने वाले किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत लगभग 345 करोड़ रुपये के लंबित फसल बीमा दावों का भुगतान किया गया है। इससे लंबे समय से बीमा राशि का इंतजार कर रहे पात्र किसानों को राहत मिली है।
कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन और कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के मार्गदर्शन में कृषि विभाग लंबित बीमा दावों के शीघ्र निस्तारण के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में लगभग 345 करोड़ रुपये की बीमा राशि का भुगतान सुनिश्चित किया गया है।
दीवाली से पहले दिल्ली-एनसीआर की हवा ‘बहुत खराब’ हुई, ग्रैप-2 लागू करने की तैयारी – एग्रीवेट
उन्होंने बताया कि इस पहल का लाभ प्रदेश के नौ जिलों के पात्र बीमित किसानों को मिला है। इनमें जयपुर, बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर, पाली, सिरोही, चूरू, जालोर और डूंगरपुर जिले शामिल हैं। इन जिलों के किसानों को फसल नुकसान के एवज में लंबित बीमा दावों की राशि उपलब्ध कराई गई है।
राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि और प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण फसल खराब होने से प्रभावित किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को नुकसान की स्थिति में आर्थिक सहायता मिलती है, जिससे वे आगामी कृषि गतिविधियों को जारी रख सकें।
सरकार ने लंबित बीमा दावों के निस्तारण को प्राथमिकता देते हुए किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में प्रयास किए हैं। दीपावली के अवसर पर मिली इस आर्थिक सहायता से लाभान्वित किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।