Diwali Gift: दिवाली गिफ्ट बॉक्स से गायब हुआ पिस्ता! बादाम भी महंगा, जानें क्या है वजह – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: Diwali 2026: दिवाली पर मिठाई के साथ ड्राई फ्रूट्स का डिब्बा देने का चलन काफी पुराना है. लोग अपने रिश्तेदारों, दोस्तों और बिजनेस से जुड़े लोगों को बादाम, काजू, किशमिश और पिस्ता जैसे मेवों के गिफ्ट पैक देते हैं. लेकिन इस बार बाजार में ऐसे गिफ्ट बॉक्स का अंदाज थोड़ा बदला हुआ नजर आ सकता है. पिस्ता की कीमतों में भारी उछाल और इसकी कम सप्लाई के कारण कई कंपनियां और दुकानदार इसे गिफ्ट पैक से हटाकर दूसरे सस्ते विकल्प रख रहे हैं. इतना ही नहीं, बादाम की मात्रा भी कम की जा रही है.

इस बार ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में सबसे ज्यादा उछाल पिस्ता में देखने को मिला है. पिछले साल के मुकाबले इसकी खुदरा कीमत करीब दोगुनी हो चुकी है. वहीं, बादाम भी लगभग 20 फीसदी महंगा हो गया है. इस बार पिस्ता की महंगाई ने कारोबारियों की मुश्किल बढ़ा दी है. ईरान, अफगानिस्तान और अमेरिका जैसे प्रमुख उत्पादक देशों से आने वाले पिस्ता के दाम बढ़े हैं. खासकर कैलिफोर्निया में इस साल पिस्ता की फसल पिछले साल के मुकाबले करीब 40 फीसदी रहने का अनुमान है. इससे थोक बाजार में पिस्ता 50 फीसदी से ज्यादा महंगा हो चुका है.

महंगाई का असर सिर्फ पिस्ता और बादाम पर नहीं पड़ा है. बाजार में ज्यादातर नट्स और ड्राई फ्रूट्स की कीमतें पिछले साल के मुकाबले 25 से 40 फीसदी तक बढ़ गई हैं. खजूर, पेकान और कद्दू के बीज भी करीब 5 से 10 फीसदी महंगे हुए हैं. हालांकि, काजू, किशमिश, अखरोट और मखाना के दाम में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई है.

ड्राई फ्रूट्स की कीमतें बढ़ने का असर अब दिवाली के गिफ्ट पैक पर भी दिखने लगा है. कंपनियों और दुकानदारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि ग्राहकों का बजट ज्यादा न बढ़े और गिफ्ट बॉक्स भी अच्छा दिखे. ऐसे में कई जगह पिस्ता की जगह कद्दू के बीज और बेरीज जैसे सस्ते विकल्प रखे जा रहे हैं.

बादाम की मात्रा भी पहले के मुकाबले कम की जा रही है. कुछ कंपनियां गिफ्ट पैक का कुल वजन घटाकर कीमत को बजट में रखने की कोशिश कर रही हैं. हालांकि, बादाम, काजू और किशमिश अब भी इन पैक्स का मुख्य हिस्सा बने हुए हैं.

ड्राई फ्रूट्स का कारोबार करने वाले लोगों के मुताबिक, भारत में करीब 75,000 करोड़ रुपये का नट्स और ड्राई फ्रूट्स उद्योग है. इसकी सालाना बिक्री का लगभग 30 से 35 फीसदी हिस्सा दिवाली के आसपास होता है. इसलिए इस सीजन में कीमतों में बदलाव का असर कारोबार पर भी पड़ता है.

महंगे दामों के कारण कुछ ग्राहक खरीदारी कम कर रहे हैं और ड्राई फ्रूट्स के आयात में भी करीब 10 फीसदी की गिरावट का अनुमान है. हालांकि, दिवाली के बाद बादाम की नई फसल बाजार में आने से इसकी कीमतों में 5 से 10 फीसदी तक कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है. ऐसे में जो लोग बादाम खरीदने की योजना बना रहे हैं, उन्हें त्योहार के बाद कुछ राहत मिल सकती है.

Share This Article